Deoli News 22 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जलझूलनी एकादशी का पर्व मंगलवार को शहर और क्षेत्र में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों से ठाकुरजी के बेवाण बैंड-बाजों के साथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुए।
श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर ठाकुरजी को फल एवं अन्य प्रसाद अर्पित किए। शाम को श्री चारभुजानाथ, लक्ष्मीनाथ, रघुनाथजी समेत विभिन्न मंदिरों से निकले बेवाणों का छतरी चौराहे पर मिलन हुआ, जहां से सभी बेवाण ममता सर्कल पहुंचे। यहां बैंड-बाजों के साथ कलाकारों ने करतब प्रस्तुत किए। बड़ी संख्या में महिलाएं एवं श्रद्धालु ममता सर्कल पहुंचे और ठाकुरजी के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने भगवान को फल आदि का भोग लगाकर बाद में फलाहार किया। कुचलवाड़ा रोड स्थित सांवरिया सेठ मंदिर से भी ठाकुरजी का बेवाण नगर भ्रमण के लिए निकला।
सांवरिया सेठ ने कुचलवाड़ा के कचोली तालाब में जलविहार कराया। सिरोही गांव में भी विभिन्न मंदिरों से बेवाण निकाले गए और ठाकुरजी को भ्रमण कराया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी ठाकुर जी की यात्राएं भजनों के साथ निकाली गई।



