रविवार को मनाई जाएगी अग्रसेन जयंती
Deoli News 10 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) श्री अग्रवाल पंचायत संस्था के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय अग्रसेन जयंती महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार शाम को गांधी पार्क में अग्रसेन मेले का आयोजन किया गया।
मेले में समाज के महिला-पुरुषों और बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया तथा विभिन्न व्यंजनों, मनोरंजक खेलों और हस्तनिर्मित वस्तुओं की स्टालों का आनंद लिया। श्री अग्रवाल नवयुवक मंडल के पूर्व अध्यक्ष आकाश कंछल ने बताया कि स्थानीय श्री अग्रवाल पंचायत विश्राम गृह के सामने स्थित गांधी पार्क में आयोजित मेले का उद्घाटन संस्था के संरक्षक बृजकिशोर गोयल, महावीर गोयल और अध्यक्ष नोरतमल गोयल ने फीता काटकर किया। मेले में समाज के महिला-पुरुषों ने दो दर्जन से अधिक स्टालें लगाईं। इनमें चाट-पकौड़ी, फास्ट फूड, कटोरी चाट, पान शेक, मैंगो शेक, सोडा शिकंजी, लस्सी, इडली-डोसा और आलू-प्याज टिक्कड़ सहित विभिन्न व्यंजनों की स्टालें आकर्षण का केंद्र रहीं।
बच्चों ने हस्तनिर्मित सजावटी वस्तुओं, इमिटेशन ज्वेलरी और मनोरंजक खेलों की स्टालें लगाईं। बच्चों के लिए लगाया गया मिकी माउस जंप भी आकर्षण रहा। लोगों ने मेले में खरीदारी और खानपान का आनंद लिया।
रविवार को होंगे अग्रसेन जयंती के विभिन्न कार्यक्रम
कंछल ने बताया कि महोत्सव में रविवार को अग्रसेन जयंती के अवसर पर दिनभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों की शुरुआत प्रभातफेरी से होगी। इसके बाद ध्वजारोहण, हवन और कलश शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। पुरुष वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिताओं के साथ अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। रात्रि में प्रीतिभोज का आयोजन होगा। इन कार्यक्रमों में श्री अग्रवाल पंचायत संस्था, श्री अग्रवाल नवयुवक मंडल, महिला मंडल एवं बालिका मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और समाज के लोग भाग लेंगे।



