Deoli News 25 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पटेल नगर निवासी डॉ. शशांक जोशी ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा आयोजित चिकित्सा क्षेत्र की स्नातकोत्तर परीक्षा (एमडी) में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
डॉ. शशांक जोशी पुत्र सत्येंद्र जोशी ने ग्रांट मेडिकल कॉलेज एवं सर जेजे अस्पताल, मुंबई में ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विषय में एमडी की पढ़ाई पूरी की है। इस विशेषज्ञता के अंतर्गत जोशी ने रक्त की जांच एवं सुरक्षित रक्त आधान, सेपरेशन, ब्लड ग्रुपिंग और क्रॉस मैचिंग, स्टेम सेल संग्रहण, ब्लड कैंसर, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया तथा बोन मैरो ट्रांसप्लांट के लिए रक्त संबंधी सेवाओं में विशेषज्ञता हासिल की है। यह चिकित्सा शाखा थैलेसीमिया, ल्यूकेमिया और अन्य गंभीर बीमारियों के उपचार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
परिजनों के अनुसार डॉ. शशांक ने तीन वर्ष पूर्व नीट पीजी परीक्षा के माध्यम से इस प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में प्रवेश प्राप्त किया था। उनकी इस उपलब्धि पर परिजनों एवं शुभचिंतकों ने बधाई दी है। बता दे कि सर जेजे अस्पताल देश का पहला मेडिकल और प्रतिष्ठित कॉलेज है। जहां मुन्ना भाई एमबीबीएस मूवी की शूटिंग हुई थी।


