Desk News 15 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नर सेवा ही नारायण सेवा के उद्देश्य से आरोग्य परमार्थ सेवा समिति के तत्वावधान में शनिवार को डिग्गी कल्याण जी धाम एवं लावा ग्राम पंचायत मुख्यालय पर निशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में दोनों स्थानों पर कुल 394 रोगियों का देर रात तक उपचार किया गया। समिति सचिव एडवोकेट रमाकांत शर्मा ने बताया कि लावा में आयोजित शिविर में कमर, घुटने एवं सर्वाइकल दर्द से पीड़ित 67 रोगियों का उपचार दिया गया। ग्राम पंचायत भवन में चिकित्सक डॉ. प्रिंस लदाणा एवं भरत शर्मा का जसवंत जैन सहित ग्रामीणों ने माला पहनाकर स्वागत किया। डिग्गी कल्याण जी मंदिर परिसर में आयोजित शिविर में बगरू, अजमेर, दूदू, उनियारा, सांवरिया, नागौर, मालपुरा, भीलवाड़ा, मोर, हरिसिंह का लंबा, चांदसेन, टोडारायसिंह, जयपुर, फागी सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 327 रोगियों का निशुल्क उपचार किया गया।
यहां सुरेंद्र शर्मा, पूर्व उप सरपंच गिर्राज शर्मा, ब्रजराज शर्मा एवं कालू शर्मा ने चिकित्सकों का माला एवं श्री कल्याण जी का दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। रात 10 बजे तक सभी रोगियों का प्राथमिकता से उपचार किया गया। शिविर में द्वारका प्रसाद शर्मा एवं वैभव शर्मा सहित अन्य लोगों ने भी सहयोग किया। उल्लेखनीय है कि डिग्गी में यह तीसरा निशुल्क चिकित्सा शिविर था, जिनमें अब तक करीब 900 रोगियों का उपचार किया जा चुका है।
समिति के अनुसार आगामी शनिवार को भी लावा एवं डिग्गी कल्याण जी धाम पर निशुल्क शिविर होगा।


