-
वरिष्ठता, अनुभव या युवा नेतृत्व… कांग्रेस किस पर लगाएगी दांव?
-
15 सीटों के बहुमत के बाद कांग्रेस में प्रधान पद को लेकर मंथन, युवा नेतृत्व और अनुभव के बीच बन रही रणनीति
@आशीष बागड़ी
Deoli News 21 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पंचायत समिति देवली में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद अब प्रधान पद को लेकर पार्टी के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। 25 में से 15 सीटों पर जीत दर्ज कर कांग्रेस ने पंचायत समिति में बहुमत हासिल किया है, लेकिन प्रधान पद अनुसूचित जनजाति (एसटी) के लिए आरक्षित होने के चलते पार्टी के निर्वाचित आरक्षित वर्ग के सदस्यों में दावेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है।
इस बार प्रधान पद की दौड़ में दो पूर्व प्रधानों के बीच मुकाबला सबसे दिलचस्प माना जा रहा है। वहीं तीसरे नाम के रूप में महिला सदस्य की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक गलियारों में चर्चा है। कांग्रेस से एसटी वर्ग के पांच प्रत्याशी पंचायत समिति सदस्य निर्वाचित हुए हैं। इनमें वार्ड 6 से रतनलाल हाड़ा और वार्ड 14 से महादेव मीणा प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं। दोनों पूर्व में उपप्रधान रह चुके हैं और संगठन में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। ऐसे में प्रधान पद के लिए युवा नेतृत्व और अनुभव के बीच संभावित मुकाबले को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग समीकरण देखे जा रहे हैं।
रतनलाल हाड़ा कांग्रेस के वरिष्ठ एवं अनुभवी नेता हैं। वे पूर्व में कई बार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रह चुके हैं तथा पंचायत समिति के पूर्व उपप्रधान पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। दूसरी ओर महादेव मीणा वर्तमान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हैं और हाल ही में में उपप्रधान रह चुके हैं। युवा नेतृत्व को प्राथमिकता दिए जाने की स्थिति में महादेव मीणा की दावेदारी मजबूत मानी जा रही है, जबकि वरिष्ठता, अनुभव और संगठनात्मक योगदान को आधार बनाया गया तो रतनलाल हाड़ा का नाम आगे रह सकता है। पार्टी से जुड़े सूत्रों के अनुसार प्रधान पद को लेकर अंतिम निर्णय सांसद हरिश्चंद्र मीणा की सहमति और पार्टी पदाधिकारियों के आपसी विचार-विमर्श के बाद होने की संभावना है। हालांकि दोनों दावेदारों के अनुभव और संगठन में भूमिका को देखते हुए अभी किसी एक नाम पर सहमति बनने की स्थिति आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं है।
दूसरी ओर यदि प्रधान पद की दावेदारी प्रमुख दोनों नामों से आगे बढ़ती है तो वार्ड 11 से निर्वाचित प्रियंका पत्नी कैलाश के नाम की भी चर्चा हो सकती है। कांग्रेस के एसटी वर्ग से निर्वाचित अन्य सदस्यों में वार्ड 5 से शिवराज मीणा और वार्ड 18 से सोजी मीणा भी शामिल हैं। हालांकि तीसरे विकल्प के तौर पर प्रियंका के नाम की चर्चा केवल राजनीतिक संभावनाओं तक सीमित है और पार्टी स्तर पर इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। देवली पंचायत समिति में कांग्रेस की जीत के बाद प्रधान पद का चुनाव पार्टी के लिए प्रतिष्ठा का विषय बन गया है।
बहुमत होने के बावजूद प्रधान पद के उम्मीदवार को लेकर होने वाला निर्णय संगठनात्मक संतुलन, वरिष्ठता, युवा नेतृत्व और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखकर लिया जा सकता है। अंतिम तस्वीर प्रधान पद के निर्वाचन से पहले पार्टी की सहमति और सदस्यों के समर्थन के बाद ही स्पष्ट होगी। बता दें कि देवली में प्रधान के चुनाव 27 नवम्बर को होंगे। इसके अगले दिन उप प्रधान के चुनाव होंगे। फिलहाल अभी सभी प्रत्याशी बाड़ाबंदी में है।
प्रीवियस न्यूज़-:
देवली पंचायत समिति चुनाव : कांग्रेस को पूर्ण बहुमत, 15 सीटों पर जीत के साथ प्रधान बनना तय


