Deoli News 28 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) यहां शनिवार को शैक्षणिक एवं सामाजिक गतिविधियों के तहत दो प्रमुख कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। एक ओर आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस द्वारा ग्राम दुर्गापुरा में निशुल्क पशु चिकित्सा शिविर लगाया गया।
वहीं दूसरी ओर राजकीय महाविद्यालय देवली में छात्राओं के लिए रचनात्मक प्रतियोगिताओं व आत्मरक्षा प्रशिक्षण का आयोजन हुआ। आरआर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंस के वेटरनरी क्लीनिकल कॉम्प्लेक्स विभाग द्वारा ग्राम दुर्गापुरा में आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों व विद्यार्थियों की टीम ने गाय, भैंस, भेड़ और बकरी सहित लगभग 64 पशुओं का उपचार कर कृमिनाशक दवाइयां पिलाईं। डीन डॉ. एम. के. चौधरी के मार्गदर्शन और माइक्रोविजन सोसाइटी की निदेशक नीलू अग्रवाल की सहभागिता में हुए इस शिविर में पशुपालकों को सर्दियों में नवजात पशुओं की देखभाल व पोषण के प्रति जागरूक भी किया गया।
इसी तरह राजकीय महाविद्यालय देवली में महिला प्रकोष्ठ एवं रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं की रचनात्मकता व सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. पीएम वर्मा ने छात्राओं में आत्मविश्वास और टीमवर्क विकसित करने पर बल दिया। प्रतियोगिताओं में डॉ. शकीला नकवी, डॉ. सुमन मीना व करिश्मा मीना निर्णायक रहीं, जबकि संचालन डॉ. निशा मीना ने किया। द्वितीय सत्र में कालिका टीम ने छात्राओं को सावधान-विश्राम मुद्रा, राइडिंग हॉर्स फाइटिंग पोजीशन और पंच जैसी आत्मरक्षा तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। प्रभारी डॉ. सुमन मीना ने आभार व्यक्त किया।



