Deoli News 28 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पंचायत समिति के उप प्रधान पद के लिए शनिवार को संपन्न हुए निर्वाचन में कांग्रेस की प्रत्याशी लाड ने एकतरफा जीत दर्ज की है। इस दौरान पुलिस प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था रही।
रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट (एसडीएम) रूबी अंसार द्वारा जारी चुनाव परिणामों के अनुसार कुल 24 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जिसमें सभी मत विधिमान्य पाए गए। मतगणना के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी लाड को सर्वाधिक 18 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हरिसिंह गुर्जर को केवल 6 मतों से संतोष करना पड़ा। निर्वाचन प्रक्रिया में एक भी मत खारिज नहीं हुआ और न ही नोटा के पक्ष में कोई वोट डाला गया। परिणाम की आधिकारिक घोषणा करते हुए रिटर्निंग अधिकारी रूबी अंसार ने 12 मतों के अंतर से विजय की घोषणा की।
लाड को देवली पंचायत समिति के उप प्रधान पद पर सम्यक् रूप से निर्वाचित घोषित किया। रिटर्निंग अधिकारी ने निर्वाचन पत्र सौपा। निर्वाचित घोषित होते ही समर्थकों ने उप प्रधान का माला पहनकर स्वागत किया। इस दौरान नवनिर्वाचित प्रधान महादेव मीणा, कांग्रेस नेता राहुल बलसोरा, महेंद्र बैरवा भी मौजूद थे।


