घरेलू गैस उपभोक्ताओं को राहत, आया हल्का मिनी सिलेंडर : लाइट जिप
Deoli News 14 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) घरेलू गैस उपभोक्ताओं को भारी-भरकम सिलेंडर से राहत देने के लिए भारत गैस ने 10 किलो क्षमता वाला नया मिनी सिलेंडर बाजार में उतारा है। देवली में भारत गैस की अधिकृत एजेंसी मोहन गैस डिस्ट्रीब्यूटर के प्रबंधक पंकज शर्मा ने बताया कि इस सिलेंडर का नाम ‘भारत गैस लाइट जीप’ रखा गया है।
उन्होंने बताया कि मजबूत फाइबर से निर्मित इस सिलेंडर को ऊपरी मंजिलों तक ले जाना आसान होगा। इसकी खासियत यह है कि पारदर्शी बनावट के कारण सिलेंडर में बची गैस का स्तर भी दिखाई देगा। कंपनी का उद्देश्य 14.2 किलो के पारंपरिक घरेलू सिलेंडर के साथ उपभोक्ताओं को हल्का विकल्प उपलब्ध कराना है। पंकज शर्मा के अनुसार नए सिलेंडर का कनेक्शन हाथोंहाथ दिया जा रहा है। इसके लिए उपभोक्ताओं को आधार कार्ड सहित दो पहचान पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और पैन कार्ड की कॉपी देनी होगी।

बुधवार को पहले दिन एक उपभोक्ता के दो सिलेंडरों का कनेक्शन जारी किया गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल 14.2 किलो के नए गैस सिलेंडर कनेक्शन बंद है। लिहाजा नए उपभोक्ताओं को इस वजन का गैस कनेक्शन नया नहीं मिलेगा। उन्हें 10 किलो वाला मिनी कनेक्शन ही लेना पड़ेगा। वही नए व पुराने उपभोक्ता नया मिनी जिप ले सकते हैं। इसी तरह 14.2 किलो के पुराने गैस सिलेंडर भी प्रचलन में रहेंगे।



