अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश खुलवाने की मांग
Deoli News 15 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली में न्यायालय अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश खुलवाने की मांग को लेकर अभिभाषक संघ देवली ने न्याय कार्यों का बहिष्कार किया है।
इसे लेकर सोमवार को अभिभाषक संघ ने राज्यपाल के नाम देवली उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा को ज्ञापन सौपा है। ज्ञापन में बताया कि वर्ष 1992 में उपखंड मुख्यालय देवली में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय की स्थापना की गई। लेकिन तब से आज तक उक्त न्यायालय के क्षेत्राधिकार को क्रमोन्नत नहीं किया गया। वही वर्षों से अभिभाषक संघ व आमजन देवली में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश न्यायालय खुलवाने की मांग करता आ रहा है। उसके बावजूद बजट सत्र में उक्त न्यायालयों को खोलने के संबंध में कोई प्रस्ताव व बजट घोषणा नहीं की गई।
जिससे आमजन को सस्ता व सुलभ नया मिलने की कोई संभावना नहीं रही है। वही मजबूरन आमजन को कई किमी. का सफर कर टोंक मुख्यालय जाना पड़ रहा है। जिस समय व रुपयों की बर्बादी हो रही है। ज्ञापन में बताया कि आम जनता की सहभागिता एवं अभिभाषक संघ देवली की ओर से आम सहमति से लिए गए निर्णय के आधार पर 16 जुलाई से अधिवक्ता क्रमिक रूप से भूख हड़ताल पर रहकर धरना प्रदर्शन करेंगे। अभिभाषक संघ अध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़ ने बताया कि यह धरना प्रदर्शन अनिश्चितकालीन रहेगा, जब तक की राजस्थान सरकार या विधि विभाग की ओर से उक्त न्यायालय खोलने के संबंध में आदेश ना हो।
ज्ञापन सौपने में अभिभाषक संघ अध्यक्ष महावीर सिंह राठौड़, अधिवक्ता सत्यनारायण धाकड़, बंसीलाल कलवार, पारस जैन, वीरेंद्र जैन, बाबूलाल मीणा, जितेंद्र शर्मा, अनिल चौहान, शिवजीराम, पी कुमार मीणा, सांवरिया बैरागी, फूलचंद, अरविंद शर्मा, भावना जैन, धर्मराज गुर्जर समेत कई अधिवक्ता शामिल थे।


