-
विरोध के चलते बैक फुट पर हुए कई निर्णय
-
महावीर उद्यान को सामाजिक कार्यों के लिए पूर्ण प्रतिबंधित किया
Deoli News 18 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका मंडल देवली की एक आवश्यक बोर्ड बैठक गुरुवार शाम नगर पालिका सभागार में आयोजित की गई। यह बैठक नगर पालिका की गत 5 दिसंबर को हुई बोर्ड बैठक के बिंदु संख्या 3 पर पुनर्विचार को लेकर बुलाई गई थी।

जिसमें नगर पालिका के सभी उद्यानों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निःशुल्क उपलब्ध करवाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया था। उक्त प्रस्ताव के बाद शहर में व्यापक विरोध को देखते हुए इस पर गुरुवार को पुनः विचार किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कई पार्षद उपस्थित रहे। बैठक में उद्यानों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निःशुल्क देने के प्रस्ताव पर विस्तृत चर्चा हुई। चर्चा के दौरान विरोधाभासी मत भी सामने आने के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर पालिका के सभी उद्यानों को अब सामाजिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध नहीं करवाया जाएगा।
वहीं पटेल नगर स्थित महावीर उद्यान (काला हत्था) को किसी भी आयोजन के लिए पूर्णतः प्रतिबंधित कर दिया गया है।
अब अटल उद्यान देने से पहले होगी बोर्ड की बैठक
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि शहर के अटल उद्यान को बड़े सामाजिक कार्यक्रमों के लिए केवल विशेष परिस्थिति में ही उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए अलग से बोर्ड मीटिंग बुलाकर सर्वसम्मति से निर्णय लेना अनिवार्य होगा। बिना बोर्ड की अनुमति अटल उद्यान में किसी भी बड़े आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। गौरतलब है कि गत 5 दिसंबर को नगर पालिका की बोर्ड बैठक में सभी उद्यानों को सामाजिक कार्यक्रमों के लिए निःशुल्क देने का प्रस्ताव पारित होने के बाद शहरवासियों ने इसका विरोध जताया था। इसी विरोध के चलते गुरुवार को पुनर्विचार के लिए बोर्ड बैठक आयोजित की गई।
महावीर उद्यान केवल मनोरंजन और वॉकिंग के लिए होगा
नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन ने स्पष्ट किया कि महावीर उद्यान को केवल आमजन के घूमने और मनोरंजन के लिए रखा गया है। इसमें अब किसी भी प्रकार के सामाजिक, धार्मिक या अन्य आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। वहीं अटल उद्यान के संबंध में अंतिम निर्णय बोर्ड मीटिंग में पारित प्रस्ताव के आधार पर ही लिया जाएगा। अधिशाषी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने बताया कि बोर्ड बैठक में अटल उद्यान को आगामी 5 फरवरी से 11 फरवरी तक जैन समाज द्वारा आयोजित पंचकल्याण महोत्सव के लिए उपलब्ध करवाने का निर्णय पार्षदों की सहमति से पारित किया गया है। इसके अलावा नगर पालिका के अन्य उद्यान पूर्व की भांति आमजन के उपयोग के लिए यथावत रहेंगे।
निर्णय पर जताया असंतोष
शहर के लोगों ने निर्णय पर असंतोष जताया है। नवल मंगल ने कहा कि उनका किसी समाज से विरोध नहीं है, लेकिन अटल उद्यान को सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए देने का वे विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि अटल उद्यान शहर के लिए ‘फेफड़ों’ का कार्य करता है और यहां बड़े आयोजनों से उद्यान की दुर्दशा होने की आशंका है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आवश्यकता पड़ी तो आमजन इस निर्णय के विरुद्ध न्यायालय की शरण भी लेंगे।
इस दौरान पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल, पार्षद भीमराज जैन, पंकज जैन, रामनिवास मीणा, संजय सिंहल, बाबूलाल बैरवा, सीता देवी, लोकेश लक्षकार, संतोष, पवन सिंहल समेत मौजूद थे। जबकि पार्षद मेघा शर्मा, छाया चौधरी, भीम सिंह और सुगना देवी बोर्ड मीटिंग में मौजूद नहीं थी।


