Deoli News 2 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पं दीनदयाल उपाध्याय कृषि महाविद्यालय सिरोही में शैक्षणिक सत्र के अंतर्गत नव प्रवेशित बीएससी (ऑनर्स) कृषि के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक प्रणाली, पाठ्यक्रम संरचना, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, अनुशासन एवं कृषि शिक्षा के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती वंदना के साथ हुआ। यहां विद्यार्थियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। संकाय सदस्य किंकर सिंह ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की कार्यप्रणाली, शैक्षणिक अनुशासन एवं विद्यार्थियों की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। शैक्षणिक प्रभारी डॉ. बीएस मीणा ने सेमेस्टर सिस्टम के बारे में बताया। इस बीच विद्यार्थियों को पुस्तकालय, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान सुविधाओं, छात्र कल्याण योजनाओं एवं महाविद्यालयीन नियमों की जानकारी दी गई।
इस दौरान एसोसिएट डीन डॉ. अंकित चौकडीवाल, डॉ दया शंकर मीणा, डॉ. आरसी सावल, चेतना सिंहल, शिव शंकर चौहान, अंशु सक्सेना, शिवराम धाकड़, राजूलाल धाकड़ समेत उपस्थित थे।


