-
ठगी के पीड़ित युवक ने फंदा लगाकर दी थी जान
-
आत्महत्या से पहले सुसाइड नोट में लिखे थे आरोपियों के नाम
Deoli News 2 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) करीब 8 साल पुराने आत्महत्या और ठगी के मामले में दूनी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिन्होंने एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर ठगी का शिकार बनाया था। वही ठगी से परेशान युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी और इससे पहले पीड़ित ने सुसाइड नोट में आरोपियों के नाम लिख डाले।
दूनी थाना प्रभारी हेमंत जनागल के अनुसार आरोपियों में मास्टर माइंड दिलीप कुमार शर्मा उर्फ नरेश शर्मा निवासी मंडी खटीकान लक्ष्मी नारायणपुरी थाना रामगंज जयपुर और पप्पू कुमार शाह पुत्र गौरी शंकर तेली निवासी जतिजी की बगीची लक्ष्मी नारायण पुरी थाना रामगंज जयपुर मूल निवासी टोल धमाणा थाना झांझा जिला जमुई बिहार हैं। यह मामला अक्टूबर 2016 का है, जब एक बेरोजगार युवक गोविंद सिंह पुत्र धनसिंह राजपूत निवासी बड़ोली ने आत्महत्या कर ली थी।
जांच में पता चला कि गोविंद सिंह से आरोपी पप्पू कुमार शाह और दिलीप कुमार शर्मा ने विदेश भेजने के नाम पर ठगी की थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी दिलीप कुमार शर्मा उर्फ नरेश ने 9-10 साल पहले प्रॉपर्टी के काम में घाटा लगने के बाद बेरोजगारी का शिकार होकर ठगी का रास्ता अपनाया था। उसने अपने पड़ोसी पप्पू कुमार शाह के साथ मिलकर समाचार पत्रों में फर्जी विज्ञापन देकर बेरोजगार युवकों को ठगी का शिकार बनाया।
गिरफ्तार आरोपियों में पप्पू कुमार शाह पुत्र गोरीशंकर जाति तेली निवासी जतीजी की बगीची लक्ष्मीनारायणपुरी जयपुर थाना रामगंज जयपुर और दिलीप कुमार शर्मा उर्फ नरेश शर्मा पुत्र रामकरण जाति ब्राहमण निवासी 103 / 4 मण्डी खटीकान, जतीजी की बगीची, लक्ष्मीनारायणपुरी जयपुर थाना रामगंज जयपुर शामिल हैं। जिन्होंने फर्जी मोबाइल नं व गलत पते से खाता खुलवाकर कई तरह की प्रोसीजर फीस के नाम पर छोटी-छोटी रकम कई बार डलवाकर ठगी की थी। वही पता फर्जी होने से वह कार्रवाई से बच जाते थे। दोनों आरोपियों ने गोविंद सिंह के साथ ठगी करना कबूल किया है। गठित कार्रवाई दल में दूनी थाने के सहायक उपनिरीक्षक शंकरलाल यादव समेत पुलिसकर्मी शामिल है।



