अलर्ट मोड पर रहा प्रशासन, माल्यार्पण कर किया स्वागत
(आशीष बागड़ी)
Deoli News 10 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केकड़ी जिले के भंडावास गांव में आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार रात देवली होकर जयपुर रवाना हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री के देवली से गुजरने की सूचना पर टोंक, शाहपुरा, केकड़ी समेत जिलों का पुलिस व प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा।
इस दौरान कार्यकर्ताओं को देखकर मुख्यमंत्री शर्मा कुछ देर रुके तथा बाद में जयपुर के लिए रवाना हो गए। दरअसल मुख्यमंत्री केकड़ी जिले के सावर स्थित भंडावास गांव में विकसित भारत संकल्प यात्रा के शिविर में शामिल होने आए थे। इसके बाद उनका जयपुर जाने का कार्यक्रम सड़क मार्ग से तय हुआ। इसकी सूचना पर सावर से लेकर देवली तथा देवली से लेकर जयपुर तक पुलिस व प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया। यहां देवली में कुचलवाड़ा बायपास स्थित सूर्य महल होटल के बाहर टोंक पुलिस अधीक्षक राजश्री राज, देवली पुलिस उपाधीक्षक सुरेश कुमार, उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका छगनलाल यादव समेत अधिकारी मुख्यमंत्री की आगवानी में जुट गए।
इस दौरान करीब पौने 7 बजे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का काफिला यहां सूर्य महल होटल पहुंचा। जहां सड़क किनारे भाजपा कार्यकर्ताओं को देखकर उनकी गाड़ी रुक गई। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणावत की अगवाई में भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर मुख्यमंत्री को माला पहनाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पर्याप्त समय नहीं मिला है। इसलिए वह अभी जयपुर जा रहे हैं। जल्द सभी कार्यकर्ताओं से अच्छी मुलाकात होगी। इस दौरान मुख्यमंत्री के कार में केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम भी मौजूद थे। इसी तरह सुरक्षा के लिहाज से केकड़ी जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, शाहपुर पुलिस अधीक्षक देवली व हनुमान नगर थाना पुलिस अलर्ट थी। वही मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मियों ने ज्यादा देर नहीं रुकने दिया। इस दौरान भाजपा के रणवीर सिंह चौहान, नेमीचंद जैन, नवल किशोर चतुर्वेदी, राकेश ओसवाल, दिनेश जैन, नीरज जैन शकील कुरेशी, रामेश्वर धाकड़, राजीव गोयल, बंसी मेघवंशी, प्रमोद मंगल, सांवरिया बैरागी, नोरतमल नाम समेत कई नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री को देवली पहुंचने पर उनके पिछले दिनों यहां हुए उनके प्रवास की भी याद आई।



