Deoli News 20 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका चुनाव के मद्देनजर श्री सांवरिया सेठ डाक निशान यात्रा की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह यात्रा एक सितंबर को देवली से रवाना होगी और 2 सितंबर को श्री सांवरिया सेठ धाम पहुंचकर ध्वजारोहण किया जाएगा।
समिति व्यवस्थापक अतीश थारवान ने बताया कि पहले यात्रा 8 सितंबर को रवाना होकर 9 सितंबर को धाम पहुंचने वाली थी, लेकिन 9 सितंबर को नगरपालिका चुनाव का मतदान होने के कारण यात्रा की तारीख में बदलाव किया गया है। श्रद्धालु करीब 84 कोस की दूरी करीब 31 घंटे में पैदल तय करेंगे।
धूमधाम से नाचते गाते रवाना हुए श्रीचारभुजानाथ के भक्त
इधर, श्री चारभुजानाथ कोटड़ी श्याम पदयात्रा मंडल देवली की ओर से देवली से कोटड़ी श्याम की 27वीं विशाल पदयात्रा गुरुवार सुबह देवली के श्री चारभुजा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद धूमधाम से रवाना हुई।
पदयात्रियों को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में परिजन एवं श्रद्धालु शहर के बाहर तक पहुंचे। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन सहित जनप्रतिनिधियों ने पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री चारभुजानाथ ठाकुर जी की झांकी के दर्शन किए। भजनों पर श्रद्धालुओं ने नृत्य किया। मंडल अध्यक्ष रामेश्वर दीया ने बताया कि पदयात्रा का पहला रात्रि विश्राम 20 अगस्त को जहाजपुर, दूसरा 21 अगस्त को रोपा तथा तीसरा 22 अगस्त को बीरधोल में होगा। इसके बाद 23 अगस्त को दोपहर 12.15 बजे श्रीचारभुजानाथ कोटड़ी श्याम के ध्वजा चढ़ाई जाएगी। पदयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए हैं। मंडल की ओर से यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और भगवान श्री चारभुजानाथ का रथ भी तैयार किया गया है।

मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री रामस्वरूप टाक ने बताया कि इस वर्ष भी कोटडी श्याम पदयात्रा में खासा उत्साह देखा गया। जगह-जगह पदयात्रियों को जलपान कराया गया। उन्होंने बताया कि पदयात्रा मार्ग पर हर गांव में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ग्रामीण हर वर्ष आते हैं। वही कोटडी शाम पहुंचते पहुंचते काफी पदयात्रा उक्त यात्रा में शामिल होते हैं।



