फन फैलाए कोबरा देख थम गई लोगों की सांसें
Deoli News 23 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर की बीसलपुर कॉलोनी के क्वार्टर नं 21 में उस समय हड़कंप मच गया जब भवानी सिंह के घर के टॉयलेट में एक विषैला कोबरा दिखाई दिया।
घर में मौजूद एक परिजन की नजर जैसे ही इस खतरनाक सांप पर पड़ी, उसने तुरंत शोर मचाकर पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। सांपों के जानकार शादाब अख्तर रिजवी ने बताया कि यह कोबरा नाजा नाजा प्रजाति का है, जो करीब 4 फीट लंबा और व्यस्क मादा है। इसमें न्यूरोटॉक्सिक जहर पाया जाता है, जो सीधे इंसान के तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) पर हमला करता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा साबित हो सकता है। सूचना पर स्नेक एक्सपर्ट शादाब अख्तर रिजवी तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बड़ी सावधानी के साथ इस कोबरा का रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू करने के बाद कोबरा को पूरी तरह सुरक्षित रखकर जंगल क्षेत्र में सुरक्षित रिलीज कर दिया गया। तब जाकर परिजनों व आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।


