“पिछले महीने हुआ था हादसा’
Deoli News 9 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा मोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्कूल बस द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारने का मामला सामने आया है। हादसे में दिनेश योगी निवासी मुंशीपुरा थाना हनुमान नगर गंभीर रूप से घायल हो गया है।
देवली थाने में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार घटना गत 17 अप्रैल दोपहर करीब डेढ़ बजे की है, जब दिनेश अपने दोस्त हेमेन्द्र मीणा के साथ राजमहल से देवली की ओर जा रहा था। आरोप है कि तभी विपरीत दिशा से आ रही एक स्कूल बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दिनेश बेहोश हो गया और उसके दाहिने पैर में फ्रैक्चर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और उसके मित्र ने उसे देवली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। रिपोर्ट में घायल के पिता राधेश्याम नाथ ने बताया कि वे बेटे के इलाज में व्यस्त होने के कारण तुरंत रिपोर्ट दर्ज नहीं करा सके थे। पुलिस ने मामले में बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच की जिम्मेदारी सहायक उप-निरीक्षक गोपाल सिंह मीणा को सौंपी गई है।



