नाली के पानी की बात को लेकर पेट पर मारी थी लाते
Deoli News 25 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) स्थानीय थाना पुलिस ने पिछले दिनों एक बुजुर्ग व्यक्ति की मारपीट में हुई मौत के बाद शनिवार को आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी राजकुमार नायक ने बताया कि यह आरोपी चेतन उर्फ गोलू पुत्र लालचंद बैरवा निवासी वार्ड नं 4 बैरवा मोहल्ला देवली है।
उन्होंने बताया कि गत 23 मई की रात 8 बजे नाली के पानी की बात को लेकर यह विवाद हुआ। उस दौरान आरोपी चेतन बैरवा ने आक्रोशित होकर परिवादी सुगना देवी के पति हीरालाल पुत्र बालूराम बैरवा से कहासुनी की तथा आरोपी ने हीरालाल के पेट में लात मार दी। इस पर पीड़ित हीरालाल के पेट में दर्द हुआ। देवली अस्पताल से हीरालाल की पत्नी उन्हें कोटा अस्पताल ले गई। जहां उपचार के बाद हीरालाल की मौत हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि बुजुर्ग की मौत की सूचना के बाद चेतन बैरवा फरार हो गया था। जिसे गिरफ्तार करने के लिए थाना प्रभारी राजकुमार नायक के नेतृत्व टीम का गठन किया गया। टीम सदस्य सहायक उप निरीक्षक करण सिंह व पुलिसकर्मी जगदीश ने कई जगह पर दबिश देकर सूचना एकत्रित की।
वही मुखबिर की सूचना मिली कि चेतन बैरवा मोहल्ला में खड़ा है। सूचना व पुलिस ने पहुंच कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उल्लेखनीय है कि पीड़ित की गत 2 दिन पूर्व गुरुवार को मौत हो गई थी। इसके बाद मृतक की पत्नी सुगना देवी ने पुलिस थाने में घटना की रिपोर्ट दी थी। जबकि इससे पहले थाना पुलिस को उक्त घटनाक्रम की जानकारी नहीं थी।



