Deoli News 31 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर स्थित शहीद स्मारक की गरिमा और सुंदरता को अराजक तत्वों ने फिर से नुकसान पहुँचाया है। शनिवार रात अज्ञात लोगों द्वारा स्मारक की रेड स्टोन से बनी करीब 50 फीट लंबी दीवार को तोड़ दिया गया।
घटना की जानकारी रविवार सुबह स्थानीय लोगों को मिली, जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना नगर पालिका मंडल को दी। घटनास्थल पर बिखरे हुए रेड स्टोन के अवशेष और दीवार की स्थिति को देखकर यह स्पष्ट है कि यह प्राकृतिक आपदा का परिणाम नहीं है। यदि यह नुकसान बीती रात आए आंधी या तूफान के कारण हुआ होता, तो दीवार केवल एक ही स्थान से गिरती। हालांकि, जिस तरह से करीब 50 फीट से अधिक लंबी दीवार को खंडित किया गया है।
इससे यह साफ जाहिर होता है कि इसे सुनियोजित तरीके से जानबूझकर तोड़ा गया है। तेज हवा का प्रभाव छेद दार जाली में नहीं होता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने भी इस कृत्य को गंभीर बताते हुए कहा कि यह निस्संदेह शरारती तत्वों की करतूत है। इससे न केवल शहीद स्मारक की मर्यादा को ठेस पहुँची है, बल्कि इसका सौंदर्य भी पूरी तरह खराब हो गया है। प्रशासन अब मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रहा है। उल्लेखनीय है कि शहीद स्मारक को निशाना बनाए जाने की यह पहली घटना नहीं है।
इससे पूर्व भी गत वर्षों में अज्ञात लोगों द्वारा शहीद स्मारक के प्रतीक चिन्ह के कांच को तोड़ने की शर्मनाक घटना सामने आ चुकी है। बार-बार स्मारक को नुकसान पहुँचाने से क्षेत्रवासियों में रोष है। वर्तमान में रेड स्टोन की जाली के टुकड़े घटनास्थल पर ही बिखरे पड़े हैं।
“सिस्टो पेरिटोनियल शंट” तकनीक से मिला नया जीवन, सिरदर्द से मिली राहत


