Deoli News 5 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) आपसी सौहार्द और रिश्तों की मर्यादा की एक खूबसूरत तस्वीर देवली के हनुमान नगर क्षेत्र से सामने आई है। यहाँ रहने वाले सलीम अंसारी और रुबीना अंसारी की पुत्री जनेफ अंसारी का निकाह आगामी 25 अप्रैल को तय हुआ है।
लेकिन परिवार के सामने सबसे बड़ी चुनौती आर्थिक तंगी थी। बेटी के हाथ पीले करने की चिंता में डूबे इस परिवार के लिए कुचलवाड़ा कलां निवासी व दानदाता रामसिंह शक्तावत एक उम्मीद बनकर सामने आए हैं। शक्तावत ने रक्षाबंधन के धागे का मान रखते हुए जनेफ के निकाह का संपूर्ण खर्च उठाने का जिम्मा लिया है। दरअसल रुबीना अंसारी पिछले पांच वर्षों से रामसिंह को राखी बांधती आ रही हैं। जब रुबीना ने अपनी बेटी की शादी और अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में उन्हें बताया, तो भाई का धर्म निभाते हुए शक्तावत ने शादी की सभी जिम्मेदारियों को अपना लिया।
इस पहल को लेकर हाल ही में एक बैठक हुई, जिसमें परिवार, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को आमंत्रित कर निकाह की व्यवस्थाओं और तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। दरअसल कार्यक्रम के अनुसार आगामी 25 अप्रैल को केकड़ी के पठान परिवार से सुभराती पठान दूल्हा बनकर देवली पहुंचेंगे, जहाँ जनेफ अंसारी के साथ उनका निकाह होगा।




