रंजिश को लेकर किया हमला, मामला दर्ज
Deoli News 30 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर पालिका मंडल देवली के वार्ड नं 13 के पार्षद दुर्गेश नंदन तेली का रविवार दोपहर एक युवक ने पत्थर से हमला कर सिर फोड़ दिया। घटना उस वक्त की है, तब पार्षद दुर्गेश नंदन अपने होटल से घर जा रहे थे।
सूचना पर पुलिस थाना देवली के सहायक उपनिरीक्षक दिलीपसिंह चिकित्सालय पहुंचे तथा पीड़ित पार्षद से घटना की जानकारी ली। पीड़ित दुर्गेश नंदन तेली ने बताया कि दोपहर डेढ़ बजे करीब वह अपनी स्कूटी से जयपुर रोड स्थित होटल से अपने घर जा रहे थे। इस बीच उन्हें के कॉलोनी निवासी भीमा साहू ने उन्हें पेट्रोल पंप चौराहा पर रोक लिया तथा यहां विवाद करने लगा। इस दौरान लोगों की भीड़ जमा हो गई। लेकिन दुर्गेश नंदन तेली ने इसे नजरअंदाज कर घर की ओर रवाना हो गए। इस बीच बैंक ऑफ़ बडौदा के सामने बाइक सर्विस की दुकान के पास भीमा फिर आया। जिसने दुर्गेश नंदन तेली के सिर पर दो बार पत्थर मारे। जिसमें तेली बच गए। लेकिन तीसरी बार के प्रहार में दुर्गेश नंदन के सिर में पत्थर लग गया।
पत्थर के प्रहार से तेली के सिर से खून बहने लगा तथा वे खून से लथपथ हो गए। उन्होंने अपना बचाव किया तथा वह बाइक की दुकान में अंदर चले गए। उन्होंने पुलिस को फोन करने की कोशिश की। लेकिन कथित आरोपी ने पीड़ित का मोबाइल छीन लिया। इसी तरह अन्य लोग फोन करने लगे तो उनका मोबाइल भी उसने छीन लिया। घटना के बाद भीमा मौके से बाइक लेकर फरार हो गया। वहीं लोगों ने दुर्गेश नंदन तेली को देवली चिकित्सालय में भर्ती कराया। तेली के भाई लोकेश साहू ने बताया कि पत्थर के प्रहार से सिर पर करीब तीन से चार टांके आए हैं। वहीं चिकित्सकों ने उन्हें भर्ती किया है। पीड़ित दुर्गेश नंदन ने बताया कि पूर्व में भी यह युवक उन पर दो बार हमले कर चुका है। जिसके प्रकरण देवली थाने में दर्ज है। विवाद का कारण स्पष्ट नहीं है। लेकिन बताया गया कि नगर पालिका चुनाव के बाद से युवक दुर्गेश नंदन से रंजीश पाले हुए है। सहायक उपनिरीक्षक दिलीप सिंह का कहना है कि पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं युवक की तलाश शुरू की गई है।



