भय व तनाव हो सकता है घर से निकलने का कारण
Deoli News 28 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के जयपुर रोड स्थित तिलक नगर निवासी 31 वर्षीय युवक राजेंद्र गुर्जर का रविवार दोपहर 12 बजे तक कोई पता नहीं लगा। जबकि इसके लिए देवली पुलिस स्थानीय स्तर पर गोताखोर व नावों के माध्यम से नदी में तलाश कर रही है।
उल्लेखनीय की यहां नेगड़िया पुलिया पर रविवार सुबह एक स्कूटी व चप्पल दिखाई दी। पड़ताल किए जाने पर यह स्कूटी व चप्पल तिलक नगर निवासी राजेंद्र पुत्र घीसालाल गुर्जर की पाई गई। सूचना पर देवली थाना पुलिस पहुंची तथा डूबने के अंदेशे से युवक की तलाश शुरू की। लेकिन युवक का दोपहर 12 बजे तक पता नहीं लगा। पुलिस ने बताया कि देवली से पुलिया की ओर जाते वक्त युवक की स्कूटी पुलिया के बाई ओर खड़ी थी। जबकि चप्पल दाएं और खुली हुई थी। इस पर पुलिस नाव की मदद से आसपास तलाश कर रही है।
युवक की पत्नी ने दर्ज कराया था मामला
देवली पुलिस के अनुसार उक्त युवक का शहर के जयपुर चुंगीनाका क्षेत्र में ससुराल है। उसके एक करीब दो वर्षीय पुत्र भी है। पुलिस ने बताया कि युवक राजेंद्र की पत्नी ने गत 24 जनवरी को टोंक महिला थाने में स्वयं के साथ मारपीट करने तथा दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी थी। यह रिपोर्ट शनिवार को जांच के लिए देवली थाने पहुंची। संभवत युवक को इसकी भनक लग गई थी। हालांकि पुलिस ने मामले में किसी भी पक्ष को नहीं बुलाया था। लेकिन परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया था। ऐसे में अनुमान है कि मामला दर्ज होने की चिंता की वजह से युवक घर से निकल गया होगा। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।



