…और ग्रामीण पेयजल किल्लत से जूझने पर मजबूर
Deoli News 23 जून (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के सतवाडा और नयागांव पंचायत के गांवों को पेयजल आपूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होने से पिछले काफी समय से हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार यह पाइपलाइन पिछले एक साल से खराब है, लेकिन पिछले एक माह में इसके अधिक क्षतिग्रस्त हो जाने से पानी की बर्बादी बढ़ गई है। सतवाडा निवासी मुकेश प्रजापति ने बताया कि पाइपलाइन के टूटने के साथ खेतों और बाड़ों में लिए गए अवैध कनेक्शनों और सप्लाई डिवाइड प्वाइंटों के साथ की जा रही छेड़छाड़ से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इस अव्यवस्था के चलते ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
जबकि विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि जल्द टूटी हुई पाइपलाइन की मरम्मत करवाई जाए। साथ ही सप्लाई प्वाइंटों पर सुरक्षा के लिए सीमेंटेड फ्रेम लगवाए जाएं जो लंबे समय से वहीं पड़े हुए हैं, ताकि पाइपलाइन के साथ अवैध छेड़छाड़ को रोका जा सके और ग्रामीणों को नियमित जल सप्लाई हो सके।



