Deoli News 24 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रंगों के त्योहार होली की दस्तक के साथ ही देवली शहर के मंदिरों में फाग उत्सव का उल्लास छा गया है। सोमवार को शहर के पटेल नगर, बावड़ी बालाजी, तेलियान समाज धर्मशाला, अर्धनारीश्वर मंदिर और नरसिंह महाराज मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर फाग उत्सव मनाया गया।
भजनों की मधुर धुनों के साथ शुरू हुए कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय और होली के रंगों से सराबोर कर दिया। इस दौरान महिलाओं ने “होली खेलो रे मैं बरसाना में बावरी बनकर” जैसे भजनों पर नृत्य कर समां बांध दिया। उत्सव के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाएं पारंपरिक रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धजकर सम्मिलित हुईं। समूचा परिवेश अबीर, गुलाल और फूलों की खुशबू से महक उठा। विशेष रूप से नरसिंह भगवान मंदिर में क्षेत्र के उद्यमी व समाजसेवी दुर्गालाल जांगिड़ के सहयोग से फूल-बंगला झांकी सजाई गई और गुब्बारों से सजावट की गई। कार्यक्रम में बाहर से आए कलाकारों ने अपनी विशेष फाग प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।



