Friday, May 1, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeCrime Newsबंबीहा गैंग के दो गुर्गे हथियारों के साथ दबोचे, 11 पिस्टल 22...

बंबीहा गैंग के दो गुर्गे हथियारों के साथ दबोचे, 11 पिस्टल 22 मैगजीन समेत 2 गिरफ्तार

आईजी बीकानेर ओमप्रकाश के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई


Desk News 1 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने संगठित अपराध और अवैध हथियार तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज और जिला पुलिस अधीक्षक हनुमानगढ़ के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के दौरान कुख्यात बंबीहा गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने इनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए हैं. जिनमें 11 पिस्टल और 22 मैगजीन शामिल हैं। यह पूरी कार्रवाई मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर अंजाम दी गई जिसमें पता चला था कि इंदौर से पंजाब की तरफ अवैध हथियारों की एक बड़ी खेप ले जाई जा रही है। बीकानेर रेंज आईजी ओम प्रकाश में बताया कि इस घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब लखवाली पुलिस चौकी की टीम ने सड़क मार्ग पर नाकाबंदी शुरू की। जांच के दौरान एक संदिग्ध बस को रुकवाकर चेक किया गया तो उसमें सवार दो युवक पुलिस को देखकर बस से उतरकर मुख्य नहर की पटरी की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उनका पीछा किया और घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। जब उनके बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से हथियारों का यह जखीरा बरामद हुआ। पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए दोनों आरोपी बंबीहा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और उनके विरुद्ध पूर्व में भी हथियार तस्करी, मारपीट और संगठित अपराध के कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय अमनदीप सिंह उर्फ कैप्टन पुत्र कुलवंत सिंह और 25 वर्षीय पवनदीप सिंह उर्फ बिला उर्फ सनी पुत्र बगा सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों ही आरोपी पंजाब के फरीदकोट जिले के बरगाड़ी निवासी हैं। अमनदीप सिंह के खिलाफ पहले से मारपीट के प्रकरण दर्ज हैं जबकि पवनदीप सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध के तीन अलग-अलग मामले पहले से चल रहे हैं। इस पूरी कार्रवाई में लखवाली पुलिस चौकी के एएसआई किशोर मान, सउनि जसवंत सिंह और कांस्टेबल रामनारायण व राकेश की विशेष भूमिका रही है।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन का पूरी तरह से खुलासा किया जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d