“विश्व स्वास्थ्य दिवस”
Deoli News 7 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) विश्व स्वास्थ्य दिवस पर मंगलवार को आरोग्य भारती टोंक के तत्वावधान में सेवा बस्ती गणेश रोड एवं बजरंग बली बॉयज हॉस्टल में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर हुआ।
आरोग्य भारती सांगानेर विभाग के संयोजक व वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एल. जांगिड़ एवं उनकी टीम ने बस्ती के लोगों व बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर और बीपी सहित सामान्य जांचें निःशुल्क की। अस्वस्थ लोगों को आवश्यकतानुसार औषधियां वितरित की गईं और उन्हें दिनचर्या, ऋतुचर्या सहित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। डॉ. जांगिड़ ने रोगानुसार योग-प्राणायाम और स्वच्छता के महत्व की जानकारी देते हुए स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। यहां आरोग्य भारती के लक्ष्मीकान्त पारीक, दिनेश जैन और अभिषेक ने सहयोग किया।
महाविद्यालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम लगा
पं दीनदयाल कृषि महाविद्यालय में विश्व स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य के प्रति सजगता के लिए आयोजन हुआ। उक्त आयोजन महाविद्यालय की निर्देशिका डॉ. नीलू अग्रवाल के मार्गदर्शन और सहयोग से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों को बेहतर जीवन के लिए स्वास्थ्य मंत्र दिए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध सर्जन डॉ. केके सिंहल उपस्थित रहे, जिन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ रहने के व्यावहारिक तरीके बताए।
इस दौरान डीन डॉ. मणिकांत चौधरी, डॉ. सुमन नंदा एवं डॉ. चेतन मीणा मौजूद थे, जिन्होंने संतुलित आहार और स्वच्छता के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जंक फूड से दूर रहने और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।


