Deoli News 7 अप्रैल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर सहित उपखंड क्षेत्र में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही के बीच कई दौर में बारिश हुई। रात करीब सवा सात बजे बाद बादलों की गर्जना के साथ शुरू हुई।
तेज बारिश ने शहर की सड़कों को धो डाला, जिससे तापमान में गिरावट आने से मौसम ठंडा हो गया। बेमौसम हुई इस बरसात और तेज आंधी ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल खेतों में खड़ी और कटी हुई गेहूं की फसल को इससे खासा नुकसान पहुंचा है। देवली गांव क्षेत्र में ओले गिरने की सूचना मिली है, वहीं दोपहर में नासिरदा क्षेत्र में भी तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से पेड़ों की टहनियां टूट गईं। रात के समय हुई इस मूसलाधार बारिश और आंधी के कारण देवली शहर की बिजली आपूर्ति कुछ देर बाधित हो गई। वहीं 8 बजे बाद भी रात तक आसमान में काले बादल छाए रहे और रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त नजर आया।
मौसम विभाग के अनुसार आगामी घंटों में भी बादलों की गड़गड़ाहट के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है। आगामी कुछ घंटे के लिए मौसम विभाग ने टोंक जिले को ऑरेंज अलर्ट में रखा है। जिसका मतलब कहीं-कहीं हल्की एवं मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन हो सकते हैं। वही आकाशीय बिजली गिरने व 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। इस दौरान रात 8 बजे देवली का तापमान 26 डिग्री रिकार्ड किया गया। रात लगातार जारी रहने से बाजार जल्दी बंद हो गए।



