Deoli News 4 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के बस स्टैंड परिसर के पिछले हिस्से में इन दिनों लोक परिवहन बसे, प्राइवेट बसों एवं टैक्सियों की दिशाहीन पार्किंग से समस्याओं का अंबार देखा जा रहा है। वहीं समूचा परिसर वाहनों की पार्किंग से अटा है।
ऐसे में आमजन को निकलने तक की जगह नहीं मिल रही है। दरअसल वाहनों की पार्किंग से हर समय यातायात अवरुद्ध होना व इसे लेकर विवाद होना एक आम बात हो गई है। राजस्थान लोक परिवहन बसों के संचालक एवं प्राइवेट बसों संचालकों में यात्रियों को बटोरने की होड़ रहती है। इसमें आम लोगों पर दिक्कतें उठानी पड़ रही है। यहां बस संचालक अपनी निश्चित जगह पर बस को खड़ा करते हैं और न ही अन्य टैक्सी चालक। इससे राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साइड को लेकर आए दिन विवाद देखे जाते हैं। यहां तक की बसों को स्टैंड में आने व जाने में भी परेशानी हो रही है। हर ओर वाहनों का जमावड़ा है। ऐसे में प्रशासन को उक्त समस्या पर ध्यान देने की जरूरत है।



