Deoli News 23 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के सेंदियावास बालाजी रोड निवासी ग्रामीणों ने बिजली की समस्या को लेकर गुरुवार को देवली में सहायक अभियंता डीके जैन को ज्ञापन सौपा है।
ज्ञापन में बताया कि गांव में राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के समीप एक ट्रांसफार्मर लगा है। इस ट्रांसफार्मर पर मौजूदा समय में 42 विद्युत कनेक्शन जुड़े हैं। जबकि ट्रांसफार्मर की क्षमता महज 16 कनेक्शन की है। वर्तमान में लगे ट्रांसफार्मर पर लोड बढ़ाने की वजह से अन्य उपभोक्ताओं के घरों में कम वोल्टेज आ रहे हैं तथा लाइन में फाल्ट की समस्या हो रही है। वहीं भीषण गर्मी के बीच बिजली की समस्या से लोग परेशान है। ग्रामीण ने गुहार लगाई कि यदि एक अतिरिक्त ट्रांसफार्मर बालाजी रोड पर और लगा दिया जाए तो यह समस्या खत्म हो जाएगी। इस पर सहायक अभियंता जैन ने समस्या दिखवाने का आश्वासन दिया है। ज्ञापन सौपने में राजूलाल मीणा, रमेश, रामदेव, मोहित, सचिन, गोपाल समेत ग्रामीण शामिल थे।



