-
लोगों की थी सीमा ज्ञान की मांग
-
करीब 6 घंटे में हुआ सीमा ज्ञान
-
पीडब्ल्यूडी व राजस्व विभाग की टीम का संयुक्त प्रयास
Deoli News 15 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) क्षेत्र के बोरड़ा तिराहे से गणेश मंदिर तक बनाए जा रहे नए सड़क मार्ग के निर्माण से पूर्व सीमा ज्ञान किए जाने की लोगों की गुहार पर शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने सीमा ज्ञान किया।
दरअसल यहां बोरड़ा गणेश मंदिर तक नई सड़क बनाई जा रही है। लेकिन लोगों की मांग थी कि इसका सीमा ज्ञान किया जाकर ही नई सड़क बनाई जाए। जिससे कि अतिक्रमण मुक्त सड़क का निर्माण हो सके। इस पर तहसीलदार देवली रामकल्याण मीणा के निर्देश पर गिरदावर देवली सत्यनारायण मीणा, पोल्याड़ा प्रेमराज गुर्जर, पटवारी पंकज जैन, किशन गर्ग, मुकेश मेघवंशी व रामराज की अगुवाई में राजस्व टीम गणेश रोड पहुंची। जिन्हें पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता के गेगाराम मीना, कनिष्ठ अभियंता उमेश व नगर पालिका के गिरदावर रामलाल मीणा ने भी सहयोग किया। उक्त सभी कर्मचारियों की टीम ने यहां गणेश तिराहे से लेकर प्रदीप नगर के आगे तक जरीफ लगाकर सड़क का सीमा ज्ञान किया तथा अतिक्रमण वाले क्षेत्र में निशान चिन्हित किए। कर्मचारियों ने बताया कि यहां औसतन करीब 20 मीटर चौड़ी सड़क सामने आई।
उक्त तीन ने सुबह 11 से यह सीमा ज्ञान शुरू किया, जो शाम सवा 4 बजे तक जारी रहा। इस दौरान सड़क पर पक्का अतिक्रमण सामने नहीं आया है। जबकि कुछ जगहों पर लोगों ने बाथरूम, सीढी व चबूतरे बनाए थे, जिन्हें चिन्हित किया गया है। इन्हें हटाकर ही नहीं सड़क का निर्माण कराया जाएगा। उल्लेखनीय की क्षेत्र के बोरड़ा का गणेश मंदिर धार्मिक व पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसी के मद्देनजर विधायक हरिश्चंद्र मीना के प्रयास से उक्त सड़क का नवीनीकरण किया जा रहा है। उन्हीं के पूर्व के कार्यकाल में यह सड़क नवीनीकरण के लिए मंजूर हुई थी।



