शिवराज और निशा प्रथम
Deoli News 9 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, समग्र शिक्षा देवली की ओर से ‘प्रबल’ कार्यक्रम के तहत ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।
इसमें 25 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 47 प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरुण शर्मा एवं पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली की प्रधानाचार्य वसुधा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मंच संचालन प्रबल प्रभारी अरुणा चौधरी ने किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने नाट्य प्रदर्शन, भाषण एवं आशुभाषण तथा पैनल चर्चा में भाग लिया। निर्णायक मंडल में अरुण शर्मा, सीता साहू, रेखा मीणा, संजय गौतम एवं पूर्व छात्र राहुल खत्री शामिल रहे। प्रतियोगिता के परिणामों में छात्र वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय देवली की कक्षा 11वीं के शिवराज गुर्जर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा वर्ग में इसी विद्यालय की कक्षा 12वीं की निशा बैरवा प्रथम स्थान पर रही।



