Deoli News 25 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में बीते दिनों हुई एक मारपीट व कार चढ़ाने की घटना के संबंध में थाना देवली में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज हुई है।प्रार्थी भंवरलाल पुत्र नोरत कंजर निवासी मालपुरा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उक्त घटना 15 जुलाई को शाम करीब 4 बजे की है।
बीसलपुर में समाज की मीटिंग बेटी को नहीं भेजने को लेकर चल रही थी, जिसमें शामिल होने के लिए प्रार्थी वहां गया था। मीटिंग में होतम, शंकर लाल, शिवचरण, जितेन्द्र, राजकुमार, अरविन्द, नेकपाल, हंसराज, बन्ने सिंह, हरिसिंह आदि मौजूद थे। रिपोर्ट के अनुसार जैसे ही प्रार्थी मौके पर पहुंचे, होतम, शिवचरण व शंकर आदि ने मिलकर प्रार्थी को पत्थर व थाप मुक्कों से पीटना शुरू कर दिया और प्रार्थी का पांव तोड़ दिया। आरोप है कि उक्त व्यक्तियों ने प्रार्थी पर स्कॉर्पियो गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया और प्रार्थी का पीछा भी किया, लेकिन प्रार्थी भागकर जान बचाने में सफल रहा।
इसके बाद परिवार वाले प्रार्थी को सरकारी अस्पताल मालपुरा ले गए, जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे अन्य अस्पताल रेफर कर दिया गया। मालपुरा के पारीक हॉस्पिटल में प्रार्थी का इलाज हुआ। मामले की पुलिस थाना देवली में रिपोर्ट दर्ज की गई।


