उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन, गिनाई देवली की समस्याएं
Deoli News 20 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) नगर कांग्रेस कमेटी देवली के अध्यक्ष सौरभ जिंदल के नेतृत्व में बुधवार को शहर की बदहाल पानी, बिजली और सफाई व्यवस्था के विरोध में जिला कलक्टर के नाम उपखंड अधिकारी रूबी अंसार को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया कि शहर में पिछले तीन माह से पेयजल आपूर्ति अनियमित और अपर्याप्त होने के साथ ही भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आमजन त्रस्त है, जिस पर जलदाय विभाग के कर्मचारी भी संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। ज्ञापन में रात्रि के समय होने वाली बिजली कटौती को बंद करने, बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को सुचारू करने और दिन में जलने वाली लाइटों पर अंकुश लगाने की मांग की गई है। सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अध्यक्ष ने बताया कि वार्डों में सफाईकर्मी स्वयं न आकर बच्चों या अन्य मजदूरों से काम करवा रहे हैं, जिससे नालों की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
कांग्रेस ने मांग की है कि सफाईकर्मियों और जमादारों की जवाबदेही तय हो, वार्डवार ड्यूटी सार्वजनिक की जाए और बारिश से पूर्व मुख्य नालों की सफाई सुनिश्चित हो, ताकि बाजार में कीचड़ की समस्या न रहे। ज्ञापन में बताया कि कुछ देर बारिश से देवली के मुख्य बाजारों में पानी भर जाता है, जो परेशानी का सबब है। इसका निस्तारण जरूरी है। प्रशासन को चेतावनी दी गई है कि यदि 7 दिन में इन समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो नगर कांग्रेस कमेटी आमजन के साथ धरना-प्रदर्शन करेगी।
इस दौरान कांग्रेस नेता भीमराज जैन, पूर्व नगर अध्यक्ष मुकेश गर्ग, वेणी प्रसाद टांक, बन्नालाल वर्मा, पंकज जैन सर्राफ़, शम्मी रंगरेज, टीकम चंद सेन, संपत सुवालका, रमेश गोयल, मनजीत सिंह, सत्यनारायण बूलिया, सजग खंडेलवाल, अमित बड़जात्या, राजीव जैन, शानू अब्बासी उपस्थित रहे।


