“विधायक ने कहा आमजन शिविर का अधिकाधिक फायदा ले”
Deoli News 17 सितंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) राजस्थान सरकार के निर्देश पर देवली में बुधवार को शहरी सेवा शिविर-2025 की शुरुआत हुई। अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने बताया कि शिविर की शुरुआत देवली-उनियारा के विधायक राजेंद्र गुर्जर ने नगर पालिका परिसर में की।
यह शिविर 17 अक्टूबर तक एक महीने की अवधि तक चलेगा। इस मौके पर विधायक राजेंद्र गुर्जर ने लोगों से अपील की कि वे इस शिविर का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि इस बार सभी प्रकार के पट्टों के लिए आवेदन ऑनलाइन लिए जाएंगे। जिससे काम में पारदर्शिता आएगी और लोग अपने आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देख पाएंगे। शिविर के पहले दिन कृषि भूमि के 66 पट्टे, 15 नामांतरण और 5 भवन निर्माण स्वीकृतियां जारी की गईं। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना के 11 लाभार्थियों को पहली किस्त की राशि और मुख्यमंत्री शहरी रोजगार गारंटी योजना के 5 नए जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में विधायक के साथ पंचायत समिति देवली के प्रधान बनवारी लाल जाट और नगर पालिका देवली के अध्यक्ष नेमीचंद जैन सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया और शिविरों की जानकारी दी। इस दौरान उपखंड अधिकारी रूबी अंसार, नगर पालिका देवली के अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा, पार्षद, पूर्व पार्षद, विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और लोग भी मौजूद थे।


