Desk News 26 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) जिले में 75 वां गणतंत्र दिवस शुक्रवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित किया गया। जहां मुख्य अतिथि जलदाय व भू-जल विभाग के मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने सुबह 9 बजे ध्वजारोहण किया।
समारोह में मुख्य अतिथि ने परेड निरीक्षण के बाद आरएसी, राजस्थान पुलिस, राजस्थान महिला पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, स्काउट्स एवं गाइड की टुकड़ियां मंच से सलामी लेते हुए गुजरी। मुख्य अतिथि ने वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 57 प्रतिभाओं को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. सूरज सिंह नेगी ने राज्यपाल के संदेश का पठन किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक हम सभी को मिलकर भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना है। टोंक योगा टीम ने योगा ड्रिल एवं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक व्यायाम प्रदर्शित किया। इसके अलावा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित झांकियां निकाली गई।
जिसमें जिला परिषद, चिकित्सा, शिक्षा, वन, पुलिस, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास एवं कृषि विभाग की झांकियां शामिल रहीं। पहला पुरस्कार जिला एवं नगर परिषद को संयुक्त रूप प्रस्तुत की गई झांकी को मिला। दूसरा स्थान पुलिस विभाग व तीसरा पुरस्कार कृषि विभाग की झांकी को मिला। मंच संचालन कवि प्रदीप पंवार और व्याख्याता कुसुमलता विजयवर्गीय ने किया।यहां सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया, जिला प्रमुख सरोज बंसल, जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा, पुलिस अधीक्षक राजर्षि राज वर्मा, पूर्व विधायक अजीत सिंह मेहता, सीईओ अशोक कुमार त्यागी, एसडीएम कपिल शर्मा, एडवोकेट राजेंद्र पराणा, नरेश बंसल समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि व लोग उपस्थित थे।



