Deoli News 21 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) उप तहसील नासिरदा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मालेड़ा स्थित ढाणी भगवानपुरा में पिछले करीब 20 दिनों से हर घर नल योजना के तहत पानी की सप्लाई नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि जलदाय विभाग के अभियंताओं को समस्या से अवगत कराने के बावजूद अब तक संतोषजनक समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार पेयजल लाइन के जॉइंट कई बार प्रेशर के कारण खुल जाते हैं, जिन्हें समय पर ठीक नहीं करवाए जाने से सप्लाई बाधित हो जाती है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाइन के कार्य की नियमित निगरानी नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों को दूर-दराज से पानी लाने के साथ ही पेयजल के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग की कनिष्ठ अभियंता को समस्या बताने पर टंकी भरी होने और सप्लाई छोड़ने की जानकारी दी जाती है, लेकिन भगवानपुरा बस्ती के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है।
ग्रामीणों ने जलदाय विभाग से लाइन की जांच करवाकर आवश्यक मरम्मत कराने और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। यह जानकारी महादेव रामप्रसाद, श्रवण, घनराज, सुगन चंद कुमावत, गिरिराज गुर्जर, शैतान मीणा और हेमराज मीणा सहित ग्रामीणों ने दी।



