Deoli News 20 दिसंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली-उनियारा विधानसभा क्षेत्र में बुधवार को भाजपा नेता विजय बैंसला ने कई ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर पेयजल की समस्याएं सुनी। बुधवार उन्होंने कासीर, दौलता मोड़, पोल्याडी, पोल्याडा, संथली समेत कई गांवों में जल आपूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली।
वहीं ग्रामीण इलाकों में पेयजल की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों को जल्द राहत दिलवाने का विश्वास दिलाया। बैंसला ने मिशन से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर बुलाया और व्याप्त समस्याओं का निदान के निर्देश दिए। इस दौरान कई गांवों में प्रभावशाली लोगों द्वारा अवैध पेयजल कनेक्शन कर लेने की शिकायतें भी मिली। यहां सहायक अभियंता ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पोल्याड़ा स्कूल को दिया नोटिस
पेयजल की समस्या को लेकर गांवों में गए जल जीवन मिशन के अधिकारी जब पोल्याडा स्कूल पहुंचे तो वहां देखकर सभी अधिकारी चौंक गए। यहां स्कूल के प्रधानाचार्य रवि कुमार मीणा पर अधिकारी बरस पड़ें। स्कूल के प्रधानाचार्य ने अपने स्तर पर पेयजल की मेन लाइन से कनेक्शन जुड़वाकर स्कूल के पानी के टैंक में जोड़ दिया। इसे देखकर अधिकारी नाराज हो गए और स्कूल के प्रधानाचार्य रवि कुमार मीणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने व नोटिस दिलाने की बात कहीं।
संथली सरपंच पति को भी मिलेगा नोटिस
यह दल जब संथली गांव पहुंचा तो वहां ग्रामीणों ने सरपंच पति के द्वारा हाईवे पर अवैध कनेक्शन लेने की शिकायत की। इस दौरान जल जीवन मिशन से जुड़े सहायक अभियंता और जेईएन ने मौके पर जाकर देखा तो सरपंच पति द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रही मेन लाइन में ही अवैध रूप से कनेक्शन जोड़ रखा था। सहायक अभियंता ने तत्काल कनेक्शन हटाने के निर्देश दिए और सरपंच पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने नोटिस भेजने के निर्देश दिए।



