“हिट एंड रन कानून का विरोध”
Deoli News 2 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) केंद्र सरकार की ओर से बनाए गए हिट एंड रन कानून के विरोध में चालकों की ओर से की गई हड़ताल का असर अब देवली में रसोई गैस पर पड़ सकता है। लिहाजा सप्लाई नहीं होने के अभाव में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाएगा।
दरअसल इस कानून के विरोध में ड्राइवर संगठन ने हड़ताल की है। ऐसे में ट्रेलर, बस, डंपर, टैंकर, ट्रक समेत बड़े वाहनों के पहिए थम चुके हैं। गत दो दिन पूर्व स्थानीय मोहन गैस एजेंसी पर 350 सिलेंडरों की एक खेप आई, जो उपभोक्ताओं में डिलीवर की जा चुकी है। वहीं सोमवार को भी 450 सिलेंडर स्थानीय एजेंसी को प्राप्त है। वह भी उपभोक्ताओं को डिलीवर किया जा चुके हैं। ऐसे में मंगलवार को आने वाली गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं मिलने से बुधवार से गैस उपभोक्ताओं को किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। उधर, भारत गैस के नसीराबाद स्थित प्लांट पर ड्राइवर संगठन के सदस्य नारेबाजी कर कानून का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वही किसी भी वाहन को प्लांट के भीतर नहीं जाने दे रहे हैं। ऐसे में निश्चित तौर पर सप्लाई प्रभावित होना लाजमी है।
मोहन गैस एजेंसी प्रबंधक पंकज शर्मा का कहना है कि मंगलवार तक उपभोक्ता को गैस सिलेंडर दिया जा चुका है। लेकिन अब सप्लाई के अभाव में उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पाएगा, चाहे उपभोक्ता ई-कॉमर्स साइट से बुकिंग करें या कॉल करके।


