Deoli News 8 फरवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के वार्ड नं 4 कीर मोहल्ला व बैरवा मोहल्ला में गंदे व दूषित जलापूर्ति की लोगों ने गुरुवार को उपखंड स्तरीय जनसुनवाई में एसडीओ दुर्गाप्रसाद मीणा से शिकायत की है।
इसमें बताया कि जलदाय विभाग की ओर से हो रही नियमित जलापूर्ति में उन्हें गंदा, बदबूदार व दूषित पानी मिल रहा है। यहां तक की जलापूर्ति में कीड़े व जलीय कीट आ रहे हैं। उक्त पानी को पीना लोगों के स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इससे लोगों में बीमारियां फैलने का खतरा मंडरा रहा है। पूर्व में भी जलदाय विभाग को इसकी मौखिक व लिखित शिकायत की गई तथा 181 हेल्पलाइन नं पर भी शिकायत दर्ज कराई गई। लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। यहां लोगों ने अपने घरों में आए पानी को बोतल में भरकर उपखंड अधिकारी को बताया।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनोद पुजारी, पन्नालाल कीर, कालूराम कीर, गोपाल, लादूराम, राजू, बसंती, मनभर समेत दर्जनों लोग मौजूद थे। इसी तरह अधिशासी अधिकारी को भी लोगों ने शिकायत दी है।


