Deoli News 7 अप्रेल (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) रमजान में पढ़ी जाने वाली विशेष तरावीह की नमाज़ बीती रात शहर की सभी 6 मस्जिदों में मुक़म्मल हुई। इस मुबारक मौके पर सभी मस्जिदों को सजाया गया।
इस दौरान बाद नमाजे ईशा तरावीह मुक़म्मल (कुरान की तिलावत संपन्न) होने पर अक़ीदतमन्दो को तबर्रूक (प्रसादी वितरण) की गई। साथ ही इमामों व हाफिजों को इनाम से नवाजा गया व उनकी गुलपोशी की गई। दारूल उलूम के मौलाना दिलकश रज़ा खान ने रोजे, इदुल्फितर की महत्ता बताते हुए कहा कि जिस तरह इम्तिहान के बाद अच्छा रिजल्ट आने का बेसब्री से इंतजार रहता है। उसी प्रकार रमजान के पूर्ण होने पर इदुल्फितर का त्योहार हमें उपहार के तौर पर अल्लाह द्वारा दिया जाता हैं। जिसे ख़ुशी के साथ मनाया जाता है। इसके बाद दुआ ऐ खैर की गई।
इसमें विश्व कल्याण की कामना, अच्छी वर्षा, विश्व शांति, अमन चैन, नेक राह पर चलने की दुआ की गई। यह जानकारी समाज के हारून अंसारी व सदर फ़िरोज़ खान अब्बासी ने दी।


