गुरुवार रात बीजवाड़ में हुई थी फूड प्वाइजनिंग
Deoli News 31 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) बीजवाड़ गांव में गुरुवार की रात को एक शादी समारोह में आयोजित भोज में खाना खाने के बाद करीब 150 लोगों की तबियत बिगड़ गई थी। जानकारी के अनुसार गुरुवार की रात को बीजवाड़ गांव में एक शादी थी। इस शादी समारोह में एक हजार लोगों के लिए भोजन बनाया गया था।
इस दौरान खाना खाने के कुछ देर बाद अचानक लोगों की अचानक उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी। जब यह संख्या ज्यादा बढ़ने लगी तो ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए केकड़ी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे जहां पर फूड प्वाइजनिंग की जानकारी लगी। फूड प्वाइजनिंग की वजह से करीब 150 लोग बीमार हो गए। जिनका उपचार केकड़ी जिला अस्पताल में किया गया और इनमें दो की हालत गंभीर होने पर अजमेर रैफर किया गया। दरअसल बीजवाड़ निवासी संदीप पुत्र सत्यनारायण धाकड़ की शुक्रवार को शादी है। ऐसे में गुरुवार को मंडप का कार्यक्रम था। उसमे करीब एक हजार लोगों का खाना बनाया। इस दौरान सैंकड़ों लोग खाना खाने आए। शाम को करीब 7 बजे डेढ़ सौ लोगों को फूड पॉइजनिंग हो गया। वे उल्टियां करने लगे। कोई बेसुध होकर गया।
किसी को पेट दर्द होने लगा या फिर दस्त लग गए। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद सभी बीमार लोगों को परिजन एक एक करके इलाज के लिए निजी वाहनों से केकड़ी अस्पताल ले गए। जहां बीजवाड़ निवासी सत्यनरायण (49) पुत्र गोपाल धाकड़, हनुमान प्रसाद जाट (25) पुत्र नंदा राम जाट, सीमा देवी जाट (38) पत्नी महेंद्र कुमार जाट, केकड़ी जिले के सरवाड़ थाना क्षेत्र के अजगश निवासी लीला पति बालूराम धाकड़, नासिरदा निवासी शंकर लाल (35) पुत्र सुखलाल की तबीयत ज्यादा खराब होने पर भर्ती किया है। अन्य 97 का प्राथमिक उपचार किया गया। इनमें से सत्यनारायण पुत्र गोपाल धाकड़ और शंकर पुत्र सुखलाल की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हे अजमेर रेफर किया गया।
उधर, इनके इलाज को लेकर केकड़ी अस्पताल के पीएमओ डॉ. नवीन कुमार जांगिड़ ने पूरी सतर्कता बरती और बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना पहले से मिलने से अस्पताल में सभी आवश्यक व्यवस्था की गई। ज़्यादा डॉक्टरों को कॉल करके बुलाया गया।
शुक्रवार की सुबह गांव में पहुंचा प्रशासन
बीजवाड़ गांव में फूड प्वाइजनिंग की शिकायत पर देवली उपखंड का प्रशासन मौके पर पहुंच गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी सत्यनारायण गुर्जर ने बताया की गुरुवार रात बीजवाड़ खाना खाने से बीमार होने की सूचना पर टोंक से टीम यहां पहुंची और शादी में बनाए गए भोजन और बाजार से खरीदकर लाए सूखे सामान का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है । इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शादी में बने घेवर, मिठाई और तेल समेत अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने भी लिए है। यह सारा सामान और मावा केकड़ी के बाजार से खरीदा गया है ।
बीजवाड़ पंचायत में चल रहा है उपचार
रात को शादी समारोह में खाना खाने के बाद बीमार हुए लोगों का उपचार पंचायत भवन में किया जा रहा है। देवली ,मालेडा, नासिरदा, बीजवाड़ और टोंक जिला मुख्यालय से आए चिकित्सकों एवं चिकित्सा विभाग की टीम डोर टू डोर सर्वे कर ऐसे लोगो को चिन्हित कर रही है जिनको उल्टी दस्त की शिकायत हो रही है। साथ ही बीमार लोगों का उपचार गांव के ही पंचायत भवन में किया जा रहा है। इस दौरान गांव में देवली उपखंड अधिकारी दुर्गा प्रसाद मीणा, डिप्टी सीएमएचओ टोंक डॉ. महबूब खान, बीसीएमएचओ डॉ. जगदीश मीणा, तहसीलदार देवली वीरेंद्र सिंह शक्तावत, खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के दिनेश शर्मा, देवली चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. जगनलाल मीणा, समेत नासिरदा थाने के पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे।



