-
शेष की गिरफ्तारी एवं तलाश जारी
-
दो सरकारी वाहन, 7 कारे एवं 25 बाइके फूंकी गई
Deoli News 14 नवंबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली उनियारा में विधानसभा उप चुनाव के दौरान बुधवार को ग्राम समरावता थाना नगरफोर्ट में ग्रामीणो द्वारा उनके गांव समरावता को उपखण्ड देवली से हटाकर उपखण्ड उनियारा मे शामिल करने की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया गया था। अजमेर रेंज आईजी ओमप्रकाश ने बताया कि निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने उक्त मांग को लेकर ग्रामीणो को साथ लेकर धरना शुरू कर दिया।
निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीणा ने वहां मौजूद एरिया मजिस्ट्रेट अमित चौधरी (आरएएस) उपखण्ड अधिकारी मालपुरा के थप्पड मार दी। धरनास्थल से नरेश मीणा बाहर निकले। जिसे पुलिस बल द्वारा हिरासत में लेकर पुलिस वाहन मे बिठाया गया तो नरेश मीणा के समर्थको ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। जिसका फायदा उठाकर नरेश मीणा फरार हो गया। उपद्रवियो द्वारा दो सरकारी वाहन व 7 निजी चौपहिया वाहनो व करीब 25 बाइक में आग लगा दी गई। इसी तरह 2 प्राईवेट वाहनों में तोडफोड की गई। इसके बाद उपद्रवियो द्वारा ग्राम समरावता के पास राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 148 डी को भी बाधित किया गया। इसे लेकर महानिरीक्षक पुलिस अजमेर रेन अजमेर ने घटनास्थल पर पहुंकर जायजा लिया एवं मौके पर कैम्प कर समुचित पर्यवेक्षण किया।

4 प्रकरण दर्ज हुए
इस सम्बन्ध में थाना नगरफोर्ट पर 4 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। नरेश मीणा समर्थकों द्वारा किए गए तोड़फोड़ एवं आगजनी के सभी घटनास्थल का अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, कानून एवं व्यवस्था, राज. जयपुर, सम्भागीय आयुक्त एवं महानिरीक्षक पुलिस, अजमेर रेन्ज, अजमेर द्वारा निरीक्षण किया गया। उक्त घटना के मुख्य आरोपी नरेश मीणा को गुरुवार सुबह गिरफ्तार कर लिया गया है। आईजी ने बताया कि आरोपी के विरूद्ध पूर्व में अलग-अलग जिलों में 25 प्रकरण पंजीबद्ध है तथा आरोपी स्टैंडिंग वारन्टी है, जिसकी सभी प्रकरणों में गिरफ्तारी की जाएगी। नरेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थकों द्वारा 1-2 स्थानों पर जाम लगाया गया था, जिनको खुलवा दिया गया है। जिला पुलिस की 28 टीमें गठित की गई हैं। अब तक 60 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया जा चुका है एवं अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। उक्त घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार अफवाहें फैलाई जा रही है।
अजमेर टोंक रेंज आईजी एवं टोंक पुलिस अधीक्षक में आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान नहीं दे, किसी भी प्रकार की सूचना, मैसेज को बिना सोचे समझे एवं बिना तथ्य की जानकारी के अन्यत्र फारवर्ड व शेयर नहीं करें।


