प्रत्यक्षदर्शियो के अनुसार हथियार थे युवकों के पास, सूचना पर तत्काल देवली पुलिस पहुंची
Deoli News 16 मार्च (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के पेट्रोल पंप चौराहे पर शनिवार रात एक तेज रफ्तार में दौड़ती हुई आई कार डिवाइडर चढ़ गई। हादसे के बाद कार क्षतिग्रस्त हो गई। जिसके चलते इसमें सवार युवक कार छोड़कर भाग छूटे। लेकिन इससे चौराहे का माहौल कुछ देर के लिए अशांत हो गया। वही डिवाइडर भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
सूचना पर देवली थाना प्रभारी दौलतराम गुर्जर, हेडकांस्टेबल सुरेश यादव, पुलिसकर्मी हुकुमनाथ समेत मौके पर पहुंचे और समूचे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस एवं लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर के पेट्रोल पंप चौराहा स्थित बालाजी मंदिर के सामने डिवाइडर पर यह कार चढ़ी थी। बताया गया कि कार बाजार की ओर से तेज रफ्तार से आई और मोड पर घूम नहीं पाने के चलते बालाजी मंदिर के सामने डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में स्विफ्ट कार का इंजन लटक गया। वही कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे कार चालू नहीं हो सकी। लोगों की सूचना पर देवली थाना प्रभारी पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे।
लेकिन इससे पहले इसमें सवार दो-तीन युवक भाग छूटे। बताया गया कि यह युवक नशे में धुत्त थे। हादसे की कार के डैशबोर्ड पर भी बियर की कैन भी रखी हुई है। लोगों ने बताया कि इन युवक के पास धारदार हथियार थे। बाद में पुलिस उक्त कार को ट्रैक्टर की मदद से थाने ले आई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



