Thursday, April 16, 2026
No menu items!
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
HomeAdministrationनालों की सफाई, बरसाती पानी भरने व अटल उद्यान की सुविधाओं को...

नालों की सफाई, बरसाती पानी भरने व अटल उद्यान की सुविधाओं को लेकर छाया मुद्दा

नगर पालिका साधारण सभा में विकास कार्यों को लेकर उखड़े पार्षद

(लाइव कवरेज)


Deoli News 20 मई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में विभिन्न विकास के मुद्दों को लेकर मंगलवार शाम नगर पालिका सभागार में साधारण सभा की बैठक पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन की मौजूदगी में आयोजित हुई। बैठक में नालों की साफ सफाई, बरसाती पानी भरने की समस्या एवं शहर के अटल उद्यान समेत विभिन्न उद्यानों की दुर्दशा को लेकर मुद्दा उठाया गया।

बैठक की शुरुआत में पार्षद विनोद पुजारी के आग्रह पर पहलगाम हमले में मारे गए लोगों को मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। वही अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने विकास कार्य के एजेंडे बताएं। इस दौरान पार्षद विनोद पुजारी ने अटल उद्यान के दुर्दशा को लेकर सदन में बात रखी और कहा कि वर्ष 2021 से अब तक कितना खर्च उद्यान के लिए हुआ है। इसकी जानकारी दी जानी चाहिए। सफाई की व्यवस्था इस कदर है कि कचरा टीपर मंगवाने के लिए भी फोन करना पड़ता है। पार्षद दुर्गेश साहू ने अटल उद्यान की दुर्दशा को लेकर नाराजगी व्यक्त की।

अटल उद्यान हो रहा है दुर्दशा का शिकार

उन्होंने दैनिक ब्यूरो की प्रसारित खबर का हवाला देते हुए कहा कि मीडिया ने उद्यान की अव्यवस्थाओं पर प्रकाश डाला है। अटल उद्यान की हालत वाकई खराब है। अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने अटल उद्यान टीनसेड में रेलिंग लगाने एवं फर्श पर कोटा स्टोन लगाने की बात कही। पार्षद भीमराज जैन सदन में कहा कि एजेंडे के बारे में सदस्यों से क्यों नहीं पूछा गया। इस पर पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन में कहा कि साधारण सभा बुलाने का अध्यक्ष को अधिकार है और इसी अधिकार के तहत यह बैठक बुलाई गई है। पार्षद संजय सिंहल ने जयपुर रोड की सड़क के बार-बार क्षतिग्रस्त होने का मुद्दा उठाया और कहा कि इसमें गलती पालिका के अभियंताओं की भी है। जिन्होंने निर्माण कार्य पर ध्यान नहीं दिया। उन्हें भी नोटिस मिलना चाहिए।

15 दिन भी नहीं चली सड़क

दुर्गेश साहू ने जयपुर रोड पर म्हारो राजस्थान रिसोर्ट से बनी नई सड़क का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि यह सड़क 15 दिन भी नहीं चली। इस पर ईओ ने कहा कि ऐसा है तो जांच करेंगे पेमेंट रोका जाएगा। यह रोड दोबारा बनाया जाए, इसके लिए प्रयास करेंगे। विनोद पुजारी ने इस सड़क को लेकर कहा कि सड़क के नीचे केवल क्रेजी बिछाई गई है। इसके लिए संबंधित कनिष्ठ अभियंता जिम्मेदार है, अधिशासी अधिकारी नहीं। मामले में कार्रवाई की जाए। पार्षद भीमराज जैन ने कहा कि ड्रेनेज और नाली विकास में आती है। लेकिन इन्हें अब अलग-अलग कर दिया गया है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। दुर्गेश साहू ने वार्डों में विकास नहीं होने की बात कही और कहा कि आखिर विकास नहीं होंगे तो जनप्रतिनिधि कैसे वोट लेने जाएंगे। पार्षद संजय सिंहल ने कहा की यदि पानी ने नेकचाल और ऊंचा दोनों ही जगह नहीं जाएगा तो कहां जाएगा। उन्होंने ऊंचा के तालाब की खुदाई कर गहराई करने का प्रस्ताव रखा। पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन प्रत्येक सड़क निर्माण की जांच करने एवं गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर नोटिस देने की बात कही।

गुणवत्ता से काम नहीं करने वालों को ब्लैक लिस्ट करें

पार्षदों ने ऐसे ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट करने को कहा जो गुणवत्तापूर्ण काम नहीं करता है। इस बीच पार्षद भीमराज जैन ने कहा कि थोड़ी सी बारिश में चर्च रोड पर नहर चलती है। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कहा कि पानी की समस्या सभी बड़े से बड़े शहरों की है। यहां तक की स्मार्ट सिटी में भी यह समस्या रहती है। लेकिन यह पानी कुछ देर में निकल जाता है। यदि जिन जगहों पर ज्यादा देर तक भरा होगा, वहां ट्रीटमेंट किया जाएगा। इस बीच नालों की बात सामने आई। इस पर अधिशासी अधिकारी ने कहा कि नालों पर से पट्टी हटाने पर ही सही सफाई हो पाएगी। लेकिन पार्षदों को उसके लिए सहयोग करना होगा। उन्हें किसी भी प्रकार की सिफारिश से बचना होगा। पार्षद प्रताप विश्वास ने बंगाली कॉलोनी सामुदायिक भवन का मुद्दा उठाया और कहा कि यह भवन जीर्ण शीर्ण हो गया है। इसे नया बनाना चाहिए। इसी तरह वाल्मीकि समाज के सामुदायिक भवन पर भी छत बनाई जाए।

पालिका उपाध्यक्ष ने टेंडर निरस्त करने का दिया पत्र

सदन के बीच विकास नहीं होने से नाराज पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल ने 11 पार्षदों के हस्ताक्षर युक्त एक पत्र ईओ को दिया। इससे पूर्व उन्होंने इस पत्र को पढ़ा और कहा कि सभी विकास कार्यों को तुरंत प्रभाव से निरस्त करने, उनके वर्क आर्डर भी निरस्त करने की मांग रखी।वही आगे से कोई भी विकास कार्य का टेंडर नहीं होगा। इसके अलावा शहर में व्याप्त गंदगी की दुर्दशा को देखते हुए ठेकेदार की निष्क्रियता से उद्यान में व्याप्त गंदगी, अव्यवस्था के कारण दोनों टेंडर भी निरस्त करने की बात कही। वहीं फरवरी 2021 से आज तक यह बोर्ड बना है। इस बोर्ड के कार्यों पर खर्च हुई राशि को मंडल की मीटिंग से अवगत कराने की मांग रखी गई। इस पत्र के बाद पार्षद परस्पर उलझ गए। पार्षदों ने कहा कि उनके वार्डो में काम निरस्त नहीं होना चाहिए। जिन्हें आपत्ति है, उन्हीं के वार्डों में काम रोका जाए। इस बीच काफी गहमागहमी हुई।

पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन और अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने उक्त पत्र पर सदन में बहुमत पेश करने की बात कही। लिहाजा तर्क वितर्क के बाद यह मामला शांत हो गया। वहीं पालिका उपाध्यक्ष ने यह पत्र वापस ले लिया। लेकिन उक्त मुद्दे पर काफी चर्चा हुई। उक्त मुद्दे पर सदन में पार्षद दुर्गेश साहू, रामनिवास मीणा, सत्यनारायण सरसड़ी, विनोद पुजारी, भीमराज जैन, सौरभ जिंदल ने काफी चर्चा की। सदन में पार्षद कुंदनमल नथेया, पवन सिंहल आदि ने भी चर्चा में भाग लिया। किसी बात के जवाब में पवन सिंहल ने तो यह तक कहा कि उन्हें कांग्रेस से बीजेपी में आए महज 6 महीने हुए हैं। इस पर सदन में सभी हंस पड़े।

सफाई व्यवस्था को लेकर गरजे पार्षद

इस दौरान विशेष कर सफाई व्यवस्था का मुद्दा छाया। पार्षद विनोद पुजारी ने कहा कि वार्ड में आने वाले सफाईकर्मी सही से सफाई नहीं करते हैं और उन्हें कहने पर यह कहा जाता है कि दोपहर 2 बजे वाली शिफ्ट के कर्मचारी यह काम करेंगे। संजय सिंहल ने वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट को फेल बताया। उन्होंने कहा कि गणेश रोड पर यह प्लांट बनना चाहिए। जिसका पानी वर्षो तक बनास में जाता रहे। अधिशासी अधिकारी सुरेश कुमार मीणा ने सदन को बताया कि शहर के जयपुर रोड कब्रिस्तान की दीवार के सहारे भरने वाले पानी, गुर्जर मोहल्ला का पानी भराव, शीतला माता मंदिर एवं बंगाली कॉलोनी में पानी भरने की समस्या का निदान जल्द किया जाएगा। बैठक पार्षद सीता देवी, लोकेश लक्षकार, बाबूलाल, छाया चौधरी, मेघा शर्मा समेत उपस्थित थे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

%d