सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी शुरू
Deoli News 25 जुलाई (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी का आयोजन नगर पालिका सभागार देवली में हुआ। यहां मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरिनारायण वैष्णव, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी हीरालाल जाट, अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी रामराय मीणा ने विभागीय आदेशों और निर्देशों के बारे में बताया।
वाकपीठ के मुख्य अतिथि व शिक्षाविद पारस जैन ने वर्तमान में शिक्षा की चुनौतियों पर अपने विचार व्यक्त किए। पहले दिन के वार्ताकारों में मोहम्मद नासिर, सत्येंद्र कुमार जोशी, कृष्ण गोपाल माली, अनुराधा कलवार और पप्पू कुमार वर्मा ने प्रवेश उत्सव, हाउसहोल्ड सर्वे, मिशन स्टार्ट, संस्था प्रधान के दायित्व, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन और गरिमा पेटिका सहित विषयों पर अपनी वार्ताएं दी। संगोष्ठी के अध्यक्ष भागचंद जैन ने अतिथियों में विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
मानपुरा में रात्रि चौपाल का आयोजन
नासिरदा क्षेत्र के मानपुरा में गुरुवार रात को शिक्षा विभाग द्वारा रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय स्टाफ, जनप्रतिनिधि, वार्डपंच, अभिभावक और ग्रामीण उपस्थित थे। पीईईओ बीजवाड़ प्रेमलाल मीना ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
जिनमें आपणी लाडो, पालनहार, मध्याह्न भोजन व्यवस्था, निशुल्क गणवेश वितरण, इन्सपायर अवार्ड, निशुल्क साइकिल वितरण, निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा शामिल हैं। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मानपुरा की शाला प्रधान गौरी देवी मीना ने कार्यक्रम का संचालन किया।


