Deoli News 23 अगस्त (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर में शनिवार सुबह हुई मूसलाधार बारिश ने शहर के जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। केवल दो घंटे (सुबह 8 बजे से 10 बजे तक) में 41 मिमी यानी 1.61 इंच बारिश दर्ज की गई। इसके चलते बाजार देरी से खुले। हालांकि यही हालत शुक्रवार को भी थी।
दरअसल शनिवार को कई निचली कॉलोनियों में घुटनों तक पानी भर गया। नाली व नाले ओवरफ्लो हो गए। जिससे सड़कों पर पानी आ गया। बारिश का सबसे ज्यादा असर प्रताप कॉलोनी, कीर मोहल्ला, सुवालका बर्फ फैक्ट्री वाली गली, जहाजपुर चुंगी नाका और तेली मोहल्ला वार्ड, छतरी चौराहा क्षेत्र में देखने को मिला। इन इलाकों की गलियों में 2 फीट पानी भर गया, जो लोगों के घरों में भी घुस गया। मुख्य बाजार में भी कई दुकानों में पानी चला गया। लगातार बारिश के कारण हर जगह कीचड़ और जलभराव की समस्या पैदा हो गई है। तेली मोहल्ला में भी ज्यादा जलभराव हुआ।सुवालका बर्फ फैक्ट्री के पास तेज हवा से पेड़ गिर गया, जिससे बिजली की आपूर्ति ठप हो गई। सूचना मिलते ही, विद्युत निगम के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गिरे हुए पेड़ को हटाया और बिजली सप्लाई को फिर से चालू किया।
मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटे तक लगातार हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। शहर के लोग प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।
बांध के आधा दर्जन गेट गेट खोले गए, 60100 क्यूसेक पानी की निकासी शुरू


