बनी नई मिसाल, अब तक तीन कर्मचारी बने आरएएस अधिकारी
@आशीष बागड़ी
Deoli News 16 अक्टूबर (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर के राजकीय चिकित्सालय देवली से अब तक तीन कर्मचारियों का राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) में चयन हो चुका है, और सबसे खास बात यह है कि यह ‘ट्रिपल सक्सेस’ नर्सिंग स्टाफ से जुड़ी है।
इन कर्मचारियों ने अस्पताल में अपनी मौजूदा ड्यूटी पर रहते हुए यब बड़ी सफलता हासिल की, जो अपने आप में एक मिसाल है। हालांकि अभ्यर्थियों ने परीक्षा की तैयारी के लिए कुछ समय पहले अवकाश लिया था। फिर भी सरकारी नौकरी करते हुए यह सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है। ड्यूटी के साथ प्रदेश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षा में जगह बनाना उपलब्धि है।
दरअसल इस सिलसिले की शुरुआत वर्ष 2013 में हुई, जब अस्पताल में कार्यरत दुर्गा शंकर मीणा ने आरएएस बनकर चिकित्सालय को पहला गौरव दिया। वर्तमान में दुर्गा शंकर मीणा बारां जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग में कार्यरत हैं। इसके बाद देवली के एजेंसी एरिया निवासी विकास पंचोली ने भी नर्सिंग स्टाफ में रहते हुए आरएएस में अपना स्थान सुनिश्चित किया। विकास ने देवली चिकित्सालय में भी नर्सिंग का काम किया था। विकास पंचोली अभी चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में उपखंड अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।
हाल ही में घोषित हुए नतीजों में, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर रहे दिनेश मीणा ने तीसरे आरएएस के रूप में इस कड़ी को पूरा किया। इस तरह, देवली चिकित्सालय के तीन अलग-अलग नर्सिंग कर्मचारियों का अब तक राजस्थान प्रशासनिक सेवा में चयनित होना न सिर्फ चिकित्सालय के लिए, बल्कि नर्सिंग समुदाय के लिए भी गौरव की बात है।

राजस्थान में फिर जिंदा जल गए लोग! कार में 4 दोस्त की जिंदा जलकर मौत, जानिए कैसे


