जिले के 70 हेड कांस्टेबल का खाकी में बढ़ा कद
Deoli News 14 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) देवली पुलिस सर्कल के देवली व दूनी थाने में कार्यरत सात हेडकांस्टेबल ने बुधवार को पदोन्नति परीक्षा में सफलता हासिल की है। बुधवार को जारी हुए विभागीय पदोन्नति परिणाम के बाद अब यह 7 हेडकांस्टेबल, सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नत हो गए हैं।
इस पदोन्नति के साथ ही अब इन पुलिसकर्मियों की वर्दी पर एक सितारा जुड़ जाएगा। पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय अजमेर द्वारा जारी किए गए इन परिणामों के बाद पुलिस खेमे में खुशी है। जानकारी के अनुसार विभागीय पदोन्नति की यह प्रक्रिया वर्ष 2022-23 के पदों के लिए आयोजित की गई थी, जिसमें गत 11 और 12 जनवरी को लिखित परीक्षा संपन्न हुई थी। इसके बाद बुधवार को हुए फिजिकल एग्जाम और इंटरव्यू में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हेड कांस्टेबल की सूची जारी की गई। सफलता में देवली थाने के हेड कांस्टेबल इमरान खान, हनुमान सिंह, सैयद जावेद और बीसलपुर चौकी प्रभारी गणेशलाल ने बाजी मारी है। वहीं दूनी थाने से संदीप यादव, प्रभुलाल मीणा और रामकिशन मीणा भी पदोन्नत होकर एएसआई बन गए हैं। बताया गया कि पूरे जिले से कुल 70 हेड कांस्टेबलों को सहायक उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली है।




