Deoli News 20 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) शहर स्थित केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में आगामी 22 जनवरी को होने वाले 7वें बैच के खेल कोटे के जवानों के दीक्षांत समारोह को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
इसे लेकर मंगलवार को प्रशिक्षण केंद्र के परेड ग्राउंड में फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया गया, जिसमें 324 नए प्रशिक्षित प्रधान आरक्षक खेल कोटे के जवानों ने कदमताल करते हुए अपने कौशल और अनुशासन का परिचय दिया। इस रिहर्सल के दौरान परेड की बारीकियों, बैंड की धुन और सामरिक प्रदर्शन का पूर्वाभ्यास किया गया। वहीं 22 जनवरी को होने वाले मुख्य समारोह में भारत सरकार के केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जिनके साथ महानिदेशक प्रवीर रंजन और अतिरिक्त महानिदेशक विजय प्रकाश, महानिरीक्षक प्रशिक्षण खंड वी खम्मो, डीआईजी विनय काजल, अजय दहिया सहित बल के कई शीर्ष अधिकारी मौजूद रहेंगे।
प्रशिक्षण केंद्र के प्राचार्य और उप महानिरीक्षक नरेन्द्र देव आनंद के निर्देशन में आयोजित इस रिहर्सल में जवानों ने औद्योगिक सुरक्षा, विमानन सुरक्षा और आधुनिक शस्त्र संचालन के अपने प्रशिक्षण का रिहर्सल प्रदर्शन किया। ट्रेनिंग के दौरान इन जवानों को आपदा प्रबंधन और अति विशिष्ट व्यक्ति सुरक्षा जैसे विषयों में भी दक्ष किया गया है। दीक्षांत समारोह के दिन यह सभी 324 जवान देश सेवा की शपथ लेकर औपचारिक रूप से बल का हिस्सा बनेंगे और भविष्य में विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में बल का गौरव बढ़ाएंगे।



