आगामी दिनों में और गिरेगा पारा
Deoli News 21 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पिछले करीब एक सप्ताह से सर्दी से राहत के बाद अब देवली और आस-पास के क्षेत्रों में आने वाले दिनों में सर्दी का सितम और बढ़ने वाला है। जिससे आम जनजीवन को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
मौसम विभाग और वर्तमान मौसमी पूर्व अनुमानों के अनुसार, 23 और 24 जनवरी को न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे रातें और अधिक सर्द हो जाएंगी। इस दौरान 23 जनवरी को न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस और 24 जनवरी को इसके गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को भी पाला पड़ने की संभावना के मद्देनजर फसलों के बचाव के उपाय करने के निर्देश दिए हैं। उल्लेखनीय है कि गत 13 जनवरी के बाद से सर्दी का असर धीरे-धीरे कम होता नजर आया। वही मकर संक्रांति के बाद दोपहर के वक्त लोगों को हल्की गर्मी भी महसूस हुई। हालांकि इस दौरान सुबह और शाम कड़क ठंडक बरकरार रही। ऐसे में आगामी दिनों में एक बार फिर लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।
पश्चिमी विक्षोभ और बर्फीली हवाओं से कांपेगा इलाका
दरअसल उत्तर भारत में सक्रिय हुए तीव्र पश्चिमी विक्षोभ के कारण आगामी 23 और 24 जनवरी को देवली क्षेत्र में कड़ाके की ठंड का अनुमान है। हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के बाद वहां से आने वाली सीधी उत्तरी हवाएं मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ाएंगी। जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज होगी। इस मौसमी बदलाव के चलते 24 जनवरी को अधिकतम तापमान 5 डिग्री गिरकर 17 डिग्री और न्यूनतम पारा 6 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है।
हल्की बूंदाबांदी और बादलों की आवाजाही के कारण धूप का असर कम रहेगा। जिससे दिन में भी लोगों को जबरदस्त सर्दी का अहसास होगा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बर्फीली हवाओं और नमी के चलते यह इस सीजन के सबसे ठंडे दिनों में से एक हो सकते हैं।


