Deoli News 31 जनवरी (दैनिक ब्यूरो नेटवर्क) पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूनी में शनिवार को वार्षिक उत्सव, पुरस्कार वितरण एवं भामाशाह सम्मान समारोह हुआ।
शहरी संकुल प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी एवं प्रधानाचार्य कैलाश वर्मा के निर्देशन में हुए इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेंद्र गुगलिया थे, जबकि अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हरिनारायण वैष्णव ने की। समारोह में शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक और खेलकूद में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 75 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह से सम्मानित किया गया। उप प्रधानाचार्य शांतिलाल शर्मा ने बताया कि इस दौरान विद्यालय विकास में सहयोग करने वाले भामाशाहों, वृक्ष मित्रों और पूर्व छात्रों का साफा व शॉल पहनाकर अभिनंदन किया गया। सांस्कृतिक प्रभारी सीमा शेर के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने ‘घूमर’, ‘बाईसा रा बीरा’ और ‘राजपूताना खम्माघणी’ जैसे गीतों पर मनमोहक नृत्य पेश कर पांडाल में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि गुगलिया ने शिक्षकों से विद्यार्थियों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शिवराज बराला, बालमुकुंद भारद्वाज, एसएमसी सदस्य सत्यनारायण तिवारी, राम लक्ष्मण गुप्ता, पदम अजमेरा, प्रधानाचार्य मनीष पारीक, अनुराधा कलवार, सुरेंद्र सिंह नरुका और अर्जुन लाल रेगर सहित मौजूद थे।



